मुंबई। भारतीय शेयर बाजार आज खुलते ही धड़ाम से गिरा। सोमवार, 9 मार्च को सुबह बाजार में मिडिल ईस्ट की जंग और ग्लोबल मार्केट के तनाव का असर साफ दिखा और देखते ही देखते सेंसेक्स-निफ्टी ताश के पत्तों की तरह ढह गए। पिछले हफ्ते की गिरावट के बाद निवेशकों को उम्मीद थी कि शायद आज कुछ सुधार होगा, लेकिन प्री-ओपन सेशन से ही बिकवाली का ऐसा दौर चला कि निवेशकों के करोड़ों रुपये डूब गए।

आज सोमवार, 9 मार्च को शुरुआती कारोबार में बाजार पूरी तरह क्रैश हो गया है। सुबह 9:19 बजे तक सेंसेक्स (Sensex) में करीब 2,327 अंकों (2.95%) की भारी गिरावट देखी गई, जिससे यह 76,591.35 के स्तर पर आ गिरा। वहीं, निफ्टी (Nifty 50) भी 701 अंक (2.87%) टूटकर 23,748.50 के स्तर पर पहुंच गया है।

मिडिल ईस्ट में जारी भीषण जंग और विदेशी निवेशकों की चौतरफा बिकवाली ने बाजार में 'हाहाकार' मचा दिया है, जिससे शुरुआती चंद मिनटों में ही निवेशकों के लाखों-करोड़ रुपये खाक हो गए। बाजार में यह ब्लडबाथ मिडिल ईस्ट यानी ईरान-इजरायल-अमेरिका में बढ़ते तनाव की वजह से हुआ है, जिससे निवेशकों में डर का माहौल है।

आज भारतीय शेयर बाजार के हर सेक्टर में चौतरफा बिकवाली देखने को मिल रही है, जिससे मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स भी नहीं बच पाए। बेंचमार्क इंडेक्स के साथ कदम मिलाते हुए Nifty Midcap 100 में 3.28% और Nifty Smallcap 100 में 3.37% की बड़ी गिरावट आई है।

बाजार का हाल इतना बुरा है कि सभी सेक्टोरल इंडेक्स लाल निशान में ट्रेड कर रहे हैं, जिसमें सबसे ज्यादा मार सरकारी बैंकों (PSU Banks) पर पड़ी है, जो 5.32% तक टूट गए हैं। इसके अलावा प्राइवेट बैंक, ऑटो और मेटल सेक्टर के शेयरों में भी 3% से 4% की भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे निवेशकों को हर तरफ से नुकसान उठाना पड़ रहा है।