मुंबई। दिवाली से पहले भारतीय शेयर बाजार में रौनक लौट आई है। सोमवार के कारोबार में निवेशकों का उत्साह बढ़ता नजर आया। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सेंसेक्स और निफ्टी ने मजबूती के साथ कारोबार की शुरुआत की। सेंसेक्स करीब 1,000 अंक की तेजी के साथ 75,400 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। निफ्टी में भी 250 अंक से ज्यादा की बढ़त है, ये 23,300 पर कारोबार कर रहा है।
ऑटो, मेटल और बैंकिंग शेयर्स में आज ज्यादा खरीदारी है। ऑटो शेयर फुल रफ्तार में दिख रहे हैं। अक्टूबर में रिकॉर्ड बिक्री के आंकड़ों के बाद मारुति ढ़ाई परसेंट ऊपर है। टाटा मोटर्स PV, HYUNDAI, M&M भी अच्छे नंबर के बाद 2- 2 परसेंट ऊपर हैं। बता दें कि लंबे समय से बिकवाली कर रहे विदेशी निवेशकों (FIIs) ने बुधवार को 871.83 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे। वहीं घरेलू निवेशकों (DIIs) ने भी 643.35 करोड़ रुपए का निवेश किया। इस खरीदारी से बाजार को मजबूत सहारा मिला।
सितंबर तिमाही के मजबूत नतीजों ने निवेशकों को आकर्षित किया। रिलायंस का मुनाफा 34% बढ़कर 29,550 करोड़ रुपए रहा, जिससे इसका शेयर 4% से ज्यादा ऊपरहै। इसके अलावा टाटा स्टील , NTPC , मारुति और SBI जैसी बड़ी कंपनियों के शेयरों में भी अच्छी लिवाली देखने को मिली। ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमत करीब 3% गिरकर 110 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई। भारत अपनी जरूरत का ज्यादातर कच्चा तेल बाहर से मंगवाता है, इसलिए तेल की कीमतों में यह हल्की नरमी बाजार के लिए पॉजिटिव रही।
शेयर बाजार की तेजी का असर सिर्फ प्रमुख सूचकांकों तक सीमित नहीं रहा। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी खरीदारी देखने को मिली। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स में 0.83 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स 0.63 प्रतिशत चढ़ा। इससे संकेत मिला कि निवेशकों ने बड़ी कंपनियों के साथ छोटे और मझोले शेयरों में भी दिलचस्पी दिखाई।