अमेजॉन, IBM और इंफोसिस जैसी कंपनियों में छंटनी की खबरों के बीच अब Meta ने भी बड़े पैमाने पर कर्मचारियों की कटौती शुरू कर दी है। कंपनी दुनियाभर में करीब 8,000 पद खत्म करने जा रही है। इसकी शुरुआत सिंगापुर स्थित एशियाई हब से हो चुकी है।
मेटा का कहना है कि यह कदम खर्च कम करने और AI पर भारी निवेश बढ़ाने की रणनीति का हिस्सा है। कंपनी इस साल AI टेक्नोलॉजी और इंफ्रास्ट्रक्चर पर 100 बिलियन डॉलर से ज्यादा खर्च करने की तैयारी में है। बताया जा रहा है कि 20 मई को सबसे पहले सिंगापुर के कर्मचारियों को ईमेल भेजकर छंटनी की जानकारी दी गई।
स्थानीय समयानुसार सुबह 4 बजे प्रभावित कर्मचारियों को नोटिफिकेशन मिला। इसके बाद यूरोप और अमेरिका के कर्मचारियों को भी उनके टाइम जोन के हिसाब से सूचना दी जानी थी। कंपनी ने कर्मचारियों को घर से काम करने की सलाह दी ताकि पूरी प्रक्रिया आसानी से पूरी की जा सके।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इंजीनियरिंग और प्रोडक्ट टीमों पर इसका सबसे ज्यादा असर पड़ेगा। मीडिया रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि इस साल बाद में और छंटनी भी हो सकती है। सिंगापुर Meta का एशिया में बड़ा केंद्र माना जाता है, इसलिए सबसे पहले वहीं के कर्मचारी प्रभावित हुए। कंपनी ने नए पदों पर भर्ती और ओपन पोजिशन को भी सीमित करने की योजना बनाई है।