अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का सीधा असर भारतीय बाजार पर पड़ा है। अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर खत्म होने के ऐलान के बाद बुधवार को सेंसेक्स 20 मिनट में 1000 अंक गिर गया। दोपहर 1 बजकर 40 मिनट में यह 77,600 था। 2 बजे तक यह 1000 अंक गिरकर 76700 के करीब आ गया।
फिलहाल यह 1900 अंक यानी 2.50 फीसदी गिरकर 76300 पर है। वहीं निफ्टी में भी करीब 600 अंक यानी 2.45 फीसदी की गिरावट है, ये 23,800 पर आ गया है। बैंक और FMCG शेयर्स सबसे ज्यादा टूटे हैं। कच्चे तेल की कीमतें भी 6 फीसदी चढ़कर दोबार 75 डॉलर के करीब पहुंच गई हैं।
दरअसल, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि ईरान के साथ हुआ समझौता अब खत्म हो चुका है। हमने बीती रात ईरान पर बेहद ताकतवर हमला किया। ट्रंप के इस ऐलान के कारण बाजार में आज चौतरफा भारी बिकवाली हो रही है। बता दें कि अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और वैश्विक स्तर पर मिल रहे कमजोर संकेतों और कच्चे तेल की कीमतों में आए उछाल के चलते निवेशकों में भारी घबराहट देखी जा रही है।
भारतीय मार्केट की बात करें तो ऑयल एंड गैस सेक्टर में सबसे अधिक 1 फीसदी से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा मीडिया, पीएसयू बैंक, रियल्टी, सीमेंट, मेटल, ऑटो और एफएमसीजी इंडेक्स भी 1 फीसदी तक नीचे फिसले। हालांकि, फार्मा और आईटी सेक्टर ने मजबूती दिखाई और ये शेयर हरे निशान में कारोबार करते दिखे. निफ्टी फार्मा 0.73% चढ़ा। आईटी सेक्टर में भी 0.25% की हल्की बढ़त देखी गई।