इंडियन फिल्मों के गानों की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अब उन्हें ब्रिटेन में पढ़ाए जाने का फैसला लिया गया है। बॉलीवुड की सुपर डुपर हिट दबंग फिल्म में मलाइका अरोरा के फेमस आइटम नंबर मुन्नी बदनाम हुई और स्लम डॉग मिलेनियर फिल्म के सॉन्ग जय हो को इंग्लैंड के डिपार्टमेंट ऑफ एजुकेशन ने म्यूजिक कर‍िक्यूलम में जगह दी है।

जय हो गाने के म्यूजिक कंपोजर एआर रहमान थे, आवाज सुखविंदर सिंह की थी। मुन्नी बदनाम हुई गाना ममता शर्मा ने गाया था। इंग्लैंड के डिपार्टमेंट ऑफ एजुकेशन ने हाल ही में संगीत का सिलेबस जारी किया है। इसमें इंडियन ब्लॉक बस्टर गानों को रिफ्रेंस के तौर पर जगह मिली है।

 

इस सिलेबस को यूके के टीचर्स, 15 म्यूजिक एजुकेशन स्पेशलिस्ट, संगीतकारों और एजुकेशन लीडर्स द्वारा तैयार किया गया है।

इस टीम ने उच्च गुणवत्ता वाले संगीत की शिक्षा देने के लिए म्यूजिक करिकुलम डिजाइन किया है। गौरतलब है कि बॉलीवुड के गानों में संगीत की बारीकियों पर काफी काम किया जाता है। यूके एजुकेशन डिपार्टमेंट द्वारा जारी गाइडलाइन में कहा गया है कि ब्रिट‍िश पहचान समृद्ध और विविधतापूर्ण है।


यूके के इस नये म्यूजिक सिलेबस में इंडियन क्लासिकल म्यूजिक, बॉलीवुड हिट के साथ फेमस भांगड़ा बीट्स को भी एड किया है। माना जा रहा है कि इससे म्यूजिक स्टूडेंट्स को कई संस्कृतियों के संगीत को जानने सीखने और सुनने का मौका मिलेगा।

20वीं सदी की अग्रणी इंडियन क्लासिकल सिंगर्स में शामिल किशोरी अमोनकर की ‘सहेली रे’ को खास तौर पर शामिल किया गया है। किशोरी अमोनकर के बारे में कहा जाता है कि संगीत उनकी रग-रग में बहता था।