मुंबई। बॉलीवुड के मशहूर कोरियोग्राफर और डायरेक्टर रेमो डिसूज़ा को हार्ट अटैक आया है, जिसके बाद उन्हें मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि अस्पताल पहुंचने के बाद रेमो डिसूजा की एंजियोग्राफी की गई है, जिसके बाद उन्हें ICU में रखा गया है। रेमो डिसूज़ा के हार्ट अटैक की खबर से उनके फैंस का बड़ा झटका लगा है। सभी उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं।

रेमो डिसूजा को लेकर फिल्मफेयर ने यह जानकारी अपने इंस्टाग्राम एकाउंट पर दी है। फिल्मफेयर ने इंस्टाग्राम पर लिखा, ‘कोरियोग्राफर कम डायरेक्टर रेमो डिसूजा को हार्ट आटैक आया है। हम उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं।‘ रेमो डिसूज़ा की इस खबर पर खूब रिएक्शन आ रहे हैं। फैंस उनके जल्द ठीक होने की कामना कर रहे हैं।

 

 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस खबर की पुष्टि बॉलीवुड के एक और कोरियोग्राफर और रेमो के सीनियर अहमद खान ने भी की है। बताया जा रहा है कि रेमो डिसूजा की पत्नी रिजेल डिसूजा हॉस्पिटल में उनके साथ हैं। रेमो की एंजियोग्राफी की जा चुकी है और फिलहाल वो आईसीयू में भर्ती हैं।

बता दें कि रेमो डिसूजा की उम्र 46 साल है। वह बॉलीवुड के मशहूर निर्देशक और कोरियाग्राफर हैं। इसी साल जनवरी में रेमो के डायरेक्शन में बनी फिल्म 'स्ट्रीट डांसर' रिलीज हुई थी, जिसे फैंस ने काफी पसंद किया था। इस फिल्म में वरुण धवन और श्रद्धा कपूर मुख्य भूमिका में थे। इसके अलावा रेमो ने फ्लाइंग जट, रेस 3, फालतू, एबीसीडी, एबीसीडी 2 और स्ट्रीट डांसर जैसी फिल्मों को डायरेक्ट भी किया है। उन्होंने कई फिल्मों में कोरियोग्राफी भी की है। उन्होंने अपने करियर की शुरूआत 1995 में की थी।