दिग्गज गायिका लता मंगेशकर की सेहत एक बार फिर खराब हो गई है। उनकी हालत बेहद गंभीर है। उनका इलाज मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में हो रहा है। बिगड़ती हालत के मद्देनजर उन्हें एक बार फिर वेंटिलेटर पर शिफ्ट कर दिया गया है। वे 8 जनवरी से मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती हैं। 92 साल की लता मंगेशकर लगातार ICU में हैं। लता मंगेशकर का इलाज कर रहे डॉक्टर प्रतीत समदानी ने उनके सेहत की खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया है कि लताजी की हालत एक बार फिर गंभीर हो गई है। 8 जनवरी को भी उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। जिसे तबीयत में सुधार होने के बाद हटा लिया गया है। अब एक बार फिर लताजी को वेंटिलेटर पर रखा गया है। डॉक्टर लगातार उनकी हालत पर नजर बनाए हुए हैं।

जनवरी से लगातार लता मंगेशकर के निधन की अफवाहें उड़ रही थीं। जिसके बाद परिवार ने इसका खंडन किया था। उन्होंने झूठी खबरों पर ध्यान नहीं देने को कहा था। अस्पताल की ओर से भी सेहत में सुधार की खबर आई थी। लेकिन एक बार फिर लता मंगेशकर की सेहत को लेकर चिंताजनक खबर आई है। देश दुनिया में उनेक फैंस उनके शीघ्र स्वस्थ होने की दुआ मांग रहे हैं।   

लता मंगेशकर सिनेमा जगत की सफलतम सिंगर हैं। 13 साल की उम्र से अब तक वे 30 हजार से ज्यादा गानों को अपनी आवाज दे चुकी हैं। उन्हें भारत सरकार द्वारा भारत रत्न, पद्म भूषण, पद्म विभूषण, दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड समेत कई नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स से नवाजा जा चुका है।