मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया है कि प्रदेश में पिछले दो महीने में गेंहू की रिकॉर्ड खरीदी की गई है। 16 अप्रैल से 25 मई के बीच प्रदेश के 15 लाख किसानों से 114 लाख़ 17 हज़ार मीट्रिक टन यानी लगभग 11 करोड़ 47 लाख़ क्विंटल गेंहू खरीदा गया। यह एक रिकॉर्ड है।
मुख्यमंत्री चौहान ने बताया कि राज्य में गेंहू उपार्जन केन्द्रों की संख्या सरकार बढ़ाई गई थी। पहले राज्य में कुल 3511 गेंहू उपार्जन केन्द्र थे। जबकि अब इनकी संख्या में 1000 केन्द्रों का इज़ाफा हुआ है। राज्य में अब कुल 4507 गेंहू उपार्जन केन्द्र हैं। चौहान ने माना कि प्रदेश में बारदाने की कमी से  किसानों को दिक्कत हुई और अब उसे ठीक किया जा रहा है।

चौहान ने कहा कि सरकार ने राज्य के 15 लाख किसानों तक फसल बीमा योजना का लाभ पहुंचाया। 15 लाख किसानों के खाते में अब तक राज्य सरकार ने 2990 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए हैं। इसके साथ ही प्रधानमंत्री किसान निधि योजना के अन्तर्गत जो 68 लाख किसानों को 1362 करोड़ की राशि जारी की गई। किसानों द्वारा फसल ऋण चुकाने की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई। ऋण चुकाने की समयसीमा अब बढ़ा कर 31 मई कर दी गई है। वर्तमान वर्ष 2020-21 में किसानों को 0% के ब्याज दर पर ऋण देने का निर्णय लिया गया है।

ट्रांसफार्मर बिना अतिरिक्त शुल्क लिए बदले जाएंगे

चौहान ने खेती किसानी में काम आने वाले जले या खराब हुए ट्रांसफार्मर को बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के बदले जाने का निर्णय लिया है। अब जले हुए या खराब हो चुके ट्रांसफार्मर को बदलने के लिए किसी भी प्रकार का कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। तो वहीं सरकार ने कृषि उपभोक्ताओं के लिए बिजली बिल जमा करने की आखिरी तारीख 31मई तक बढ़ा दी है।