इस्लामाबाद। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वाह में शुक्रवार को एक बड़ा आत्मघाती धमाका हुआ है। इस धमाके में 16 लोगों के मारे जाने की खबर है, जबकि 50 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमला खैबर पख्तूनख्वाह के पेशावर में हुआ है। पाकिस्तानी न्यूज वेबसाइट 'द डॉन' की रिपोर्ट के मुताबिक मृतकों में पांच पुलिसकर्मी और 11 आम नागरिक शामिल हैं।
रेस्क्यू 1122 के प्रवक्ता बिलाल अहमद फैजी ने बताया कि बम धमाके की सूचना मिलने के बाद टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। वहीं, हमलावरों के साथ मुठभेड़ भी जारी है। पुलिस ने बताया कि घायलों में ज्यादातर नमाज पढ़ने वाले लोग थे। धमाके की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मस्जिद के बाहर एक बड़ा सा गड्ढा बन गया है। जिस वक्त धमाका हुआ, उस वक्त मस्जिद में जुमे की नमाज पढ़ी जा रही थी।
धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि पुराने पुलिस लाइंस के गेट पर विस्फोटक से भरी एक गाड़ी टकराई थी। इस धमाके की जिम्मेदारी अब तक किसी संगठन ने नहीं ली है। हालांकि, पुलिस ने इसके पीछे तहरीक-ए-तालिबान का हाथ बताया है।
आईजी ने अपने बयान में कहा है कि धमाके के बाद हथियारों से लैस आतंकवादियों के साथ गोलीबारी हुई है।
आईजी हमीद ने कहा, 'पुलिस आतंकवाद के खिलाफ एक मजबूत दीवार की तरह खड़ी है। कायरतापूर्ण हमले हमारे इरादों को तोड़ नहीं सकते।' पाकिस्तान में इस साल जनवरी से अब तक 990 आतंकी घटनाएं हुई हैं। इनमें 1,129 लोगों की मौत हो चुकी है।
कोहाट में इससे पहले भी बड़ा हमला हो चुका है। 2010 में पुलिस लाइंस के पीछे बनी एक पुलिस कॉलोनी में रिमोट कंट्रोल बम धमाका हुआ था। इसमें 20 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें ज्यादातर पुलिसकर्मियों के परिवार के सदस्य थे। वहीं, 90 से ज्यादा लोग घायल हुए थे।