नई दिल्ली। अरुणाचल प्रदेश को अपना हिस्सा मानने वाले चीन ने भारतीय राज्य के 11 जगहों के नाम बदल दिए हैं। चीनी सरकार के एक मंत्रालय ने अरुणाचल प्रदेश के इन जगहों के नाम बदल दिए हैं और इसे तिब्बत का दक्षिणी हिस्सा करार दिया है। 

रविवार को चीन के नागरिक मंत्रालय ने ग्यारह जगहों के नाम जारी किए जोकि अरुणाचल प्रदेश में स्थित हैं। इन जगहों में दो रिहायशी इलाके, दो भूभाग, पांच पहाड़ी इलाके और दो नदियों के नाम शामिल हैं। चीन ने इसे तिब्बत के दक्षिणी हिस्से जंगनन का हिस्सा बताया है। 

हालांकि यह पहली बार नहीं है जब चीन ने अरुणाचल प्रदेश के हिस्सों को नाम बदले हों। चीन इससे पहले 2017 और 2021 में कई जगहों के नाम बदल चुका है। चीन ने 2021 में अरुणाचल के 15 जगहों के नाम बदले थे। उस समय भारत सरकार ने चीन के इस कदम पर आपत्ति जताई थी। 

चीन अमूमन अरुणाचल प्रदेश पर अपना दावा करता है। कांग्रेस पार्टी और विशेषकर राहुल गांधी लगातार प्रधानमंत्री मोदी और उनकी सरकार पर चीन के मसले पर देश के गुमराह करने के आरोप लगाते रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में पहले भी दावा किया जा चुका है कि चीन ने न सिर्फ अरुणाचल प्रदेश के जगहों के नाम बदले हैं बल्कि भारतीय सरहद में घुसकर गांव तक बसा चुका है। हालांकि मोदी सरकार इन दावों को खारिज करते आई है।