कोलंबिया। साउथ अमेरिकी देश कोलंबिया में सोमवार को वायुसेना का एक C-130 हरक्यूलिस सैन्य विमान टेकऑफ के दौरान हादसे का शिकार हो गया। यह दुर्घटना पेरू सीमा के पास अमेजन क्षेत्र के प्यूर्टो लेगुइजामो में हुई जहां विमान रनवे से करीब 1.5 किलोमीटर दूर जाकर गिरा। हादसे में अब तक 66 सैनिकों की मौत हो चुकी है। जबकि, 70 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार, विमान में कुल 125 लोग सवार थे। जिनमें 114 सैनिक और 11 क्रू मेंबर शामिल थे। कोलंबियाई वायुसेना प्रमुख मेजर जनरल कार्लोस फर्नांडो सिल्वा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना टेकऑफ के दौरान हुई। हादसे के बाद तुरंत आपातकालीन बचाव अभियान शुरू किया गया और घायलों को नजदीकी चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया गया।
देश के रक्षा मंत्री पेड्रो सांचेज ने बताया कि विमान उड़ान भरने के तुरंत बाद नियंत्रण खो बैठा और निर्धारित रनवे से कुछ दूरी पर जाकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
इस घटना पर कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इसे गंभीर हादसा बताते हुए कहा कि सैनिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसी घटनाएं नहीं होनी चाहिए थी। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि सेना के आधुनिकीकरण की प्रक्रिया प्रशासनिक देरी के कारण प्रभावित हुई है।
राष्ट्रपति पेट्रो ने साफ किया कि सेना के संसाधनों को बेहतर बनाने के लिए पहले ही निर्णय लिया जा चुका है लेकिन अब इसे तेजी से लागू किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी है कि जो अधिकारी इस दिशा में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाएंगे उन्हें पद से हटाया जा सकता है। साथ ही उन्होंने नए हेलीकॉप्टर, ट्रांसपोर्ट विमान और एंटी ड्रोन सिस्टम की तत्काल खरीद की जरूरत पर जोर दिया।
गौरतलब है कि C-130 हरक्यूलिस दुनिया के सबसे भरोसेमंद सैन्य परिवहन विमानों में गिना जाता है। यह विमान कठिन और कच्चे रनवे पर भी उतरने की क्षमता रखता है। साथ ही यह एक बार में भारी मात्रा में सैनिक, हथियार और राहत सामग्री ले जा सकता है। इसके अलावा इसका उपयोग मेडिकल इमरजेंसी, प्राकृतिक आपदा राहत, आग बुझाने और मौसम संबंधी जानकारी जुटाने जैसे अभियानों में भी किया जाता है। यह विमान करीब 42,000 पाउंड (लगभग 19,000 किलोग्राम) तक वजन एयरड्रॉप करने में सक्षम है।