भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 12,881 नए मरीज मिले हैं वहीं 334 संक्रमित मरीजों की मौत हुई है। एक दिन में नए केस आने के मामले में यह अबतक का सबसे ज्यादा है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा गुरुवार सुबह जारी रिपोर्ट के मुताबिक देशभर में अबतक कुल 3,66,946 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं, जिनमें 12,237 लोगों की मौत हुई है। वहीं एक्टिव मरीजों की संख्या 1,60,384 है। राहत की बात ये है कि देशभर में अबतक कुल 1,94,325 मरीज इस महामारी से जंग जीतकर पूरी तरह से स्वस्थ्य हो गए हैं।

देशभर में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में प्रतिदिन 10 हजार से ज्यादा की वृद्धि हो रही है। भारत में गुरुवार को कोरोना संक्रमण के अबतक के रिकॉर्ड सबसे ज्यादा नए मामले आए हैं। वहीं पिछले 24 घंटे में 334 लोगों की मौत हुई है। इस महामारी ने भारत में अबतक कुल 12,237 लोगों की जान ली है। दुनियाभर में इस महामारी से अबतक लगभग 84 लाख लोग संक्रमित हुए हैं जिनमें 4 लाख 51 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हुई है।

पिछले 9 दिनों में तकरीबन 1 लाख नए मामलों के साथ भारत विश्व के सबसे ज्यादा कोरोना प्रभावित देशों की सूची में चौथे स्थान पर है। इसी के साथ भारत ने ब्रिटेन, स्पेन, इटली, फ्रांस और जर्मनी जैसे देशों को भी पीछे छोड़ दिया है। दुनियाभर में सबसे ज्यादा कोरोना प्रभावित देशों में सबसे आगे अमेरिका है जहां 22 लाख 34 हजार से ज्यादा लोग इस महामारी के चपेट में आए हैं, जिसमें एक लाख 19 हजार से ज्यादा लोगों की मृत्यु हो चुकी है। अमेरिका के बाद ब्राजील का नंबर आता है जहां संक्रमितों का संख्या 9 लाख 60 हजार से ज्यादा है। तीसरे पायदान पर रूस है जहां 5 लाख 53 हजार से ज्यादा केस हैं।