दक्षिण अमेरिका में शुक्रवार सुबह 7.5 तीव्रता का एक जबरदस्त भूकंप आया। भूकंप के बाद चिली स्थित नौसेना जल सर्वेक्षण और समुद्र विज्ञान सेवा ने चिली के अंटार्कटिक क्षेत्र के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की है। पहले इस भूकंप की तीव्रता 8.0 बताई गई थी, लेकिन बाद में संयुक्त राज्य भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) ने इसे घटाकर 7.5 कर दिया।
भूकंप की जानकारी देने वाली अमेरिका संस्था USGS के मुताबिक इस भूकंप का केंद्र अर्जेंटीना के दक्षिण में ड्रेक पैसेज के पास 10.8 किमी की गहराई में था। ड्रेक पैसेज एक गहरा और चौड़ा समुद्री मार्ग है, जो दक्षिण-पश्चिमी अटलांटिक महासागर और दक्षिण-पूर्वी प्रशांत महासागर को जोड़ता है।
चिली की नेवी हाइड्रोग्राफिक और ओशनोग्राफिक सर्विस ने पूरे अंटार्कटिका क्षेत्र के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की है। राहत की बात यह है कि अब तक किसी भी तरह के नुकसान या जनहानि की खबर सामने नहीं आई है। भूकंप का झटका भारतीय समय के मुताबिक सुबह 7 बजकर 46 मिनट पर दर्ज किया गया।
वैज्ञानिकों के मुताबिक इतनी बड़ी तीव्रता का भूकंप समुद्र में सुनामी जैसी आपदाओं को भी जन्म दे सकता है। भले ही इस भूकंप से जान-माल का नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन ड्रेक पैसेज का इलाका बेहद संवेदनशील माना जाता है। यहां अचानक आने वाले झटके न सिर्फ स्थानीय बल्कि वैश्विक स्तर पर भी चिंता बढ़ा सकते हैं। बता दें कि इससे पहले मई 2025 में भी इस इलाके में 7.5 तीव्रता का भूकंप आया था।