देश भर के मक्का किसानों के लिए राहत भरी खबर आई है। सरकार जल्द ही मक्का किसानों से मक्के की खरीदी  एमएसपी यानी न्यूनतम समर्थन मूल्य पर कर सकती है। इसकी जानकारी खुद केंद्रीय उपभोक्ता, खाद्य एवं वितरण मंत्री राम विलास पासवान ने दी है। मोदी सरकार 2.0 के एक साल पूरे होने के अवसर पर पासवान ने पत्रकारों से बातचीत करने के दौरान बताया कि सरकार मक्का किसानों से मक्का खरीदी की एमएसपी तय करने पर विचार कर रही है। 

बता दें कि इस वर्ष मक्के का रिकॉर्ड उत्पादन होने का अनुमान लगाया जा रहा है। देश भर में लगभग 289 लाख टन रिकॉर्ड उत्पादन होने की उम्मीद है। लेकिन मक्का किसानों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। कोरोना के प्रकोप के कारण किसानों को मक्के की फसल का उचित दाम नहीं मिल रहा है। बाज़ार में मक्के की मांग औसत से भी नीचे है। जिसके चलते मक्का किसान 1000 रूपए से कम में भी मक्का बेचने को मजबूर हैं। लिहाज़ा केन्द्र सरकार ने किसानों की परेशानी को समझते हुए किसानों  से मक्का एमएसपी पर खरीदने का निर्णय लिया है।

सरकार ने तय की एमएसपी
केंद्र सरकार ने मक्के की एमएसपी को 1760 रुपए प्रति क्विंटल तय किया है। बता दें कि मक्के का उचित दाम न मिलने से किसानों का प्रति एकड़ लगभग 17 हज़ार रुपए प्रति हेक्टेयर के हिसाब से 17 हज़ार रुपए का नुकसान हो रहा था। ऐसे में केंद्र सरकार का मक्के की एमएसपी तय करने का फैसला किसानों को राहत देगा।