डोडोमा (तंजानिया)। अफ्रीकी देश तंजानिया में रविवार को एक यात्री विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक लैंडिंग के पहले विमान एयरपोर्ट के समीप स्थित एक झील में जा गिरा। घटना के बाद राहत और बचाव कार्य तेजी से चल रहा है। अबतक 23 लोगों को जीवित बाहर निकाला जा चुका है।



जानकारी के मुताबिक हादसे के दौरान प्लेन में कुल 49 लोग सवार थे। झील में क्रैश हुआ विमान प्रिसीजन एयर कंपनी का था। कंपनी के बयान के मुताबिक ये एक कमर्शियल फ्लाइट थी, जो लेक विक्टोरिया में क्रैश हो गई। प्रिसीजन एयर के प्रवक्ता ने बताया कि प्लेन बुकोबा एयरपोर्ट के साथ अफ्रीका की सबसे बड़ी झील में प्लेन क्रैश हुआ है।





तंजानिया के प्रेसिडेंट ने सोशल मीडिया पर लिखे अपने संदेश में लोगों से शांति और धैर्य की अपील की है। राष्ट्रपति समोआ सुलुहू ने रविवार को एक ट्वीट में लिखा, ‘मुझे दुख के साथ ये सूचना मिली है कि प्रिसीजन एयर फ्लाइट लेक विक्टोरिया में क्रैश हो गई।'



तंजानिया की पुलिस ने बताया कि एक यात्री विमान खराब मौसम की वजह से रविवार तड़के विक्टोरिया झील में गिर गया। प्लेन को उत्तर पश्चिमी शहर बुकोबा में लैंड करना था, उसी दौरान ये हादसा हुआ है। इसके साथ ही पुलिस ने बताया कि यात्रियों को बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।