नई दिल्ली। 
 न्यूयॉर्क शहर के ब्रुकलिन सबवे स्टेशन पर मंगलवार की सुबह हुई गोलीबारी के कारण 16 लोग घायल हो गए हैं। 10 लोगों को गोली लगी है, जिनमें 2 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। न्यूयार्क पुलिस के अनुसार हमलावर गैस का मास्क पहनकर आया था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार घटनास्थल से पुलिस ने बम भी बरामद किये हैं। हालाँकि पुलिस ने बम मिलने की बात से इंकार किया है। 

घटना की सूचना सबसे पहले फायर डिपार्टमेंट को मिली। फायर डिपार्टमेंट के प्रवक्ता ने बताया कि उन्हें सनसेट पार्क में 36वें स्ट्रीट मेट्रो स्टेशन के अंदर से सुबह करीब 8:30 बजे धुंआ उठने की खबर मिली। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने पाया कि वहां कई लोगों को गोली लगी है। स्टेशन पर चारों तरफ खून फैला हुआ है और लोग दर्द से कराह रहे हैं। हमले के बाद मची अफरातफरी के कारण कई लोग घायल हो गए। 

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार हमलावर गैस मास्क पहनकर इस स्टेशन में घुसा और बंदूक निकालकर लोगों पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद घटनास्थल से बच निकलने के लिए उसने स्मोक ग्रेनेड फेंका। जिससे सबवे में धुंआ फ़ैल गया। पुलिस ने आरोपी का हुलिया जारी किया है। आरोपी ने किसी कंस्ट्रक्शन कम्पनी की वर्दी पहनी हुई है, वो करीब 5 फीट 5 इंच लम्बा शख्स है। वाइट हाउस ने ट्वीट करके बताया है कि राष्ट्रपति जो बाइडेन को पूरी घटना से अवगत करा दिया गया है। पुलिस हमलावर की तलाश कर रही है। हमले के पीछे का कारण पता नहीं चला है।