मुंबई। फिल्म और टीवी इंडस्ट्री को बुधवार 15 अक्टूबर 2025 को एक बड़ा झटका लगा है। 90 के दशक में बीआर चोपड़ा की बनाई गई टीवी की सबसे चर्चित सीरियल ‘महाभारत’ में दानवीर कर्ण का यादगार किरदार निभाने वाले अभिनेता पंकज धीर का 68 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्हें लंबे समय से कैंसर था और सुबह 11:30 बजे उन्होंने इस लड़ाई में हार मान ली। उनका जाना फिल्म और टीवी जगत के लिए एक बड़ा नुकसान है।
CINTAA (सिने & टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन) ने आधिकारिक बयान जारी कर उनके निधन की पुष्टि की। बयान में कहा गया कि, "गहरे दुख के साथ हम सूचित करते हैं कि हमारे ट्रस्ट के पूर्व अध्यक्ष और CINTAA के पूर्व माननीय महासचिव श्री पंकज धीर जी का 15 अक्टूबर 2025 को निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार आज शाम 4:30 बजे पवन हंस, विले पार्ले (पश्चिम), मुंबई के पास किया जाएगा।"
यह भी पढ़ें:SC ने दी ग्रीन पटाखों को मंजूरी, तय समय और शर्तों के साथ दिल्ली वासी जला सकेंगे पटाखे
महाभारत में अर्जुन का किरदार निभाने वाले और उनके सह-कलाकार फिरोज खान ने इंस्टाग्राम पर पंकज के निधन की पुष्टि करते हुए लिखा, "व्यक्तिगत रूप से मैंने एक बेहद करीबी दोस्त खो दिया है। वह न सिर्फ अद्भुत कलाकार थे बल्कि बहुत अच्छे इंसान भी थे। मैं अब भी सदमे में हूं और समझ नहीं पा रहा कि क्या कहूं।" इंडस्ट्री में उनके निधन से शोक की लहर दौड़ गई है।
पंकज धीर ने 1970 में फिल्म परवाना से बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने कई फिल्मों में छोटे-मोटे रोल किए। साल 1988 में बी.आर. चोपड़ा के टीवी शो महाभारत से उन्हें देशभर में पहचान मिली। इसके अलावा उन्होंने टीवी शोज चंद्रकांता, युग, द ग्रेट मराठा, बढ़ो बहू में और टार्जन: द वंडर कार, आशिक आवारा, सड़क, सोल्जर, बादशाह जैसी फिल्मों में भी काम किया।
शुरुआत में महाभारत में उन्हें अर्जुन का रोल ऑफर हुआ था। उन्होंने ऑडिशन दिया लेकिन कुछ सीन में महिला के गेटअप और मूंछें मुंडवाने की शर्त के कारण उन्होंने मना कर दिया। इसके बाद अर्जुन का रोल फिरोज खान को मिला। कुछ महीनों बाद उन्हें कर्ण का किरदार निभाने के लिए चुना गया। पंकज ने रोल स्वीकार करते समय पूछा था कि "मुझे मूंछें तो नहीं मुंडवानी पड़ेगी?" बी.आर. चोपड़ा ने हां कहा। हालांकि, बाद में उन्होंने सहमति दे दी थी।
शूटिंग के दौरान पंकज की आंख में तीर लग गया था। जिसकी वजह से उन्हें सर्जरी तक करानी पड़ी थी। उन्होंने बताया कि युद्ध के सीन रियल दिखाने के लिए बी.आर. चोपड़ा ने भारी-भरकम हथियारों का इस्तेमाल किया था। इसकी वजह से कई एक्टर्स को चोटें आई थी। पंकज धीर के पिता सी.एल. धीर एक जाने-माने डायरेक्टर और प्रोड्यूसर थे। उनके बेटे निकितिन धीर भी अभिनेता हैं और निकितिन की शादी एक्ट्रेस कृतिका सेंगर से हुई है।