खैबर पख्तूनख्वा। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के डेरा इस्माइल खान जिले में शुक्रवार को एक शादी समारोह में आत्मघाती हमला हुआ। धमाके में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई। जबकि, 25 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हमला उस वक्त हुआ जब मेहमान नाच-गा रहे थे।

यह विस्फोट प्रो-गवर्नमेंट कम्युनिटी लीडर नूर आलम महसूद के घर पर हुआ। उनके घर पर विवाह समारोह चल रहा था। पुलिस के मुताबिक, अचानक हुए धमाके से वहां अफरा-तफरी मच गई। विस्फोट इतना जोरदार था कि मकान की छत ढह गई जिससे कई लोग मलबे के नीचे दब गए।

अधिकारियों ने बताया कि मृतकों में एक पूर्व तालिबान सदस्य भी शामिल है। जबकि, अन्य मृतक उसके रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। शुरुआती रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि शांति समिति के नेता वाहीदुल्लाह महसूद उर्फ जिगरी महसूद की भी इस हमले में मौत हो गई है।

घायलों और मृतकों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, कई घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

हमले के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और जांच अभियान शुरू कर दिया गया है। फिलहाल किसी भी आतंकी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।

गौरतलब है कि खैबर पख्तूनख्वा में हाल के महीनों में शांति समिति से जुड़े लोगों को लगातार निशाना बनाया गया है। इसी महीने बन्नू जिले में शांति समिति के चार सदस्यों की हत्या कर दी गई थी। इससे पहले नवंबर 2025 में भी इसी प्रांत में शांति समिति के कार्यालय पर हुए हमले में सात लोगों की जान गई थी।