वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही है। पूर्व मिस स्विट्जरलैंड बीट्रिस केउल ने ट्रंप पर रेप के आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि साल 1993 में न्यूयॉर्क के प्लाजा होटल में ट्रंप ने उनके साथ बलात्कार किया था। उन्होंने इस घटना को बेहद क्रूर बताया है।

क्यूल ने बताया कि घटना के बाद उनके शरीर के कई हिस्सों से खून बह रहा था और चोट के निशान पड़ गए थे। यह दावा अमेरिकी संसद में डेमोक्रेटिक सदस्यों की ओर से जारी एक नई रिपोर्ट में किया गया है।

क्यूल ने 2024 में भी ट्रम्प पर यौन शोषण का आरोप लगाया था। तब उन्होंने कहा था कि 1993 में ट्रम्प ने उन्हें जबरन पकड़ा, चूमा और उनके कपड़े उतारने की कोशिश की थी। अब नई रिपोर्ट में क्यूल ने समिति के कर्मचारियों को बताया कि उस घटना में ट्रम्प ने उनके साथ रेप किया था।

क्यूल स्विट्जरलैंड की मॉडल और पूर्व मिस स्विट्जरलैंड हैं। उनके मुताबिक, 1993 में वह अमेरिकन ड्रीम पेजेंट में हिस्सा लेने अमेरिका गई थीं। इस प्रतियोगिता की ट्रम्प के साथ साझेदारी थी। कार्यक्रम के दौरान मैनहैटन के प्लाजा होटल में पत्रकारों के साथ दोपहर के भोजन के समय उनकी ट्रम्प से मुलाकात हुई।

क्यूल ने बताया कि इसके बाद ट्रम्प के एक सहयोगी ने उन्हें होटल के कमरे में मिलने के लिए बुलाया। उन्हें लगा था कि वहां बातचीत होगी लेकिन उनके आरोप के मुताबिक, कमरे में ट्रम्प ने पीछे से उन्हें पकड़ लिया और जबरन रेप किया।

व्हाइट हाउस ने इन सभी दावों का जोरदार खंडन किया है। एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक व्हाइट हाउस की प्रवक्ता लॉरेन बिस ने कहा, 'इनमें से कोई भी आरोप सच नहीं है। यह पागल डेमोक्रेट्स की एक हताश कोशिश है, जिसका उद्देश्य राष्ट्रपति ट्रम्प की ऐतिहासिक उपलब्धियों के कारण रिपब्लिकन पार्टी को मिल रहे भारी समर्थन से जनता का ध्यान भटकाना है।'