तंजानिया में सनिनीयू लैजर नाम का एक खनिक तब रातों-रात करोड़पति बन गया, जब उसे एक खान में दो अनमोल रत्न मिले। इन दोनों रत्नों के बदले तंजानिया की सरकार ने सनिनीयू को 774 अरब तंजानियन शिलिंग का भुगतान किया। यह रकम भारतीय मुद्रा में करीब 25 करोड़ 36 लाख रुपये के बराबर है। दोनों रत्नों में से एक का भार 9.27 किलोग्राम और दूसरे का 5.8 किलोग्राम है। इस रत्न को टैंजेनाइट नाम से जाना जाता है और यह केवल उत्तरी तंजानिया में ही पाया जाता है।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद तंजानिया के राष्ट्रपति ने सनिनीयू लैजर को एक लाइव टीवी प्रोग्राम के दौरान बधाई दी। वहीं देश के खनन मंत्री मसनजिला ने इसे ऐतिहासिक अवसर बताया। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने यह पूरी जानकारी दी है दोनों रत्न नीले-बैंगनी रंग के हैं।

खनन मंत्री ने यह भी बताया कि तंजानिया में खनन के इतिहास में इतने बड़े रत्न इससे पहले कभी प्राप्त नहीं हुए। उन्होंने यह भी बताया कि इस तरह के रत्नों का मिलना बताता है कि तंजानिया कितना अमीर देश है। लेकिन स्थानीय भूगर्भ वैज्ञानिक बताते हैं कि इस खान से ज्यादा से ज्यादा बीस साल तक और ऐसे रत्नों के मिलने की उम्मीद है। यह धरती पर पाया जानेवाला एक अद्भुत रत्न है, जिसकी दुनियाभर में भारी मांग है।