भोपाल। राजधानी भोपाल के बजरिया थाने में पदस्थ 58 वर्षीय सब इंस्पेक्टर राकेश मिश्रा की शुक्रवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह सुबह नहाने के बाद अपने कमरे में बेड पर आराम करने गए थे। कुछ देर बाद पत्नी ने उन्हें बेहोशी की हालत में देखा। परिजन तुरंत उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है। मौत की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है और पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
परिजनों के मुताबिक, राकेश मिश्रा शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे उठे थे। नहाने के बाद वह कमरे में आए और बेड पर लेट गए। उनकी पत्नी ने उनके पास चाय रखी और कुछ देर के लिए कमरे से बाहर चली गई थी। वापस लौटने पर उन्होंने राकेश को बेड पर अचेत अवस्था में देखा। इसके बाद परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें:भारत ने वर्ल्ड बैडमिंटन चैम्पियनशिप में रचा इतिहास, त्रिसा-गायत्री की जोड़ी ने पक्का किया मेडल
परिजनों ने बताया कि राकेश मिश्रा पिता राममूर्ति मिश्रा पिछले करीब 10 सालों से हृदय संबंधी बीमारी का इलाज करा रहे थे। हालांकि, शुक्रवार सुबह अचानक उनकी हालत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। मौत किन परिस्थितियों में हुई इसका फिलहाल स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्टेशन बजरिया पुलिस ने मर्ग कायम किया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।