भोपाल। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय के कुलगुरु विजय मनोहर तिवारी के राहुल गांधी पर लिखे लेख को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। फेसबुक पर प्रकाशित लेख 'डिकोडिंग राहुल गांधी' में की गई व्यक्तिगत टिप्पणियों पर विवि के छात्रों ने आपत्ति जताई है। NSUI के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता तनय शर्मा ने कुलगुरु से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।
जनसंचार विभाग के छात्र तनय शर्मा ने कहा कि किसी भी राजनेता की नीतियों, विचारों और कार्यशैली की आलोचना करना लोकतंत्र का अधिकार है, लेकिन आलोचना के नाम पर व्यक्तिगत उपहास करना और किसी के निजी जीवन को राजनीतिक विमर्श का हिस्सा बनाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता विश्वविद्यालय के कुलगुरु जैसे महत्वपूर्ण शैक्षणिक पद पर बैठे व्यक्ति से सार्वजनिक लेखन में जिम्मेदारी, संतुलन और अकादमिक मर्यादा की अपेक्षा की जाती है।
शर्मा ने कुलगुरु के लेख में राहुल गांधी के लिए 'पप्पू टाइप' उपमा, उनके निजी संबंधों का उल्लेख, 'ढीले पेंट की जेब' जैसी टिप्पणी और मल्लिका सहरावत व नोरा फतेही से उनकी राजनीतिक कार्यशैली की तुलना पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि ये टिप्पणियां राजनीतिक विश्लेषण के बजाय व्यक्तिगत कटाक्ष और उपहास जैसी हैं। महिला कलाकारों के नाम को इस तरह राजनीतिक टिप्पणी का माध्यम बनाना भी उचित नहीं है।
तनय शर्मा ने लेख की भाषा और प्रस्तुति को एकतरफा राजनीतिक दृष्टिकोण से प्रभावित बताते हुए आरोप लगाया कि कुलगुरु अपने लेखन के जरिए RSS में अपनी स्वीकार्यता बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस पर इस तरह की व्यक्तिगत टिप्पणियां इसी राजनीतिक मानसिकता को प्रदर्शित करती हैं।
उन्होंने कहा कि माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय किसी राजनीतिक दल या विचारधारा का मंच नहीं, बल्कि पत्रकारिता, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक मूल्यों की शिक्षा देने वाला संस्थान है। ऐसे संस्थान के प्रमुख के सार्वजनिक लेखन में तथ्यपरकता, वैचारिक निष्पक्षता और भाषा की मर्यादा का ध्यान रखा जाना चाहिए।
तनय शर्मा ने कहा कि कुलगुरु को राहुल गांधी और कांग्रेस की राजनीतिक आलोचना करने का पूरा अधिकार है, लेकिन व्यक्तिगत और अमर्यादित टिप्पणियों के लिए उन्हें सार्वजनिक रूप से खेद व्यक्त करते हुए माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा किसी भी राजनीतिक विमर्श से बड़ी है और उसकी अकादमिक गरिमा बनाए रखना कुलगुरु की जिम्मेदारी है।