बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान को जान से मारने की धमकी मिली है। मुंबई पुलिस के मुताबिक, यह धमकी 2024 में एनसीपी नेता और पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में वांटेड आरोपी जीशान अख्तर के नाम से दी गई है। पुलिस अब इसकी जांच कर रही है कि धमकी वास्तव में अख्तर ने दी है या किसी दूसरे व्यक्ति ने उसके नाम का इस्तेमाल कर सैफ समेत अन्य हस्तियों को निशाना बनाने की कोशिश की है।

इस महीने अभिनेता तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना को भी इसी तरह की धमकियां मिली थी। दोनों मामलों में पुलिस ने बेंगलुरु के रहने वाले 30 वर्षीय वैभव मिश्रा को गिरफ्तार किया था। मिश्रा आईआईटी ग्रेजुएट है। पुलिस के मुताबिक, उसका किसी आपराधिक गिरोह से संबंध नहीं था और उसने कथित तौर पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से धमकी भरे संदेश तैयार किए थे। पुलिस को आशंका है कि सैफ को मिली धमकी के पीछे भी इसी तरह की कोई साजिश हो सकती है।

यह भी पढ़ें:बैतूल में नशामुक्ती के लिए जहरीला काढ़ा पीने से 2 की मौत और 5 बीमार, 2 बाबाओं समेत 3 गिरफ्तार

सैफ अली खान को मिली ताजा धमकी ऐसे समय आई है जब जनवरी 2025 में उनके बांद्रा स्थित घर में घुसकर उन पर चाकू से हमला किया गया था। 16 जनवरी की रात करीब 2 बजे एक घुसपैठिया उनके घर में दाखिल हुआ और उनके छोटे बेटे जेह के कमरे तक पहुंच गया था। बेटे की सुरक्षा के लिए सैफ ने हमलावर का सामना किया। इस दौरान दोनों के बीच संघर्ष हुआ और सैफ पर चाकू से कई वार किए गए। उस दौरान उनकी गर्दन और पीठ पर गंभीर चोटें आई थी।

इसके बाद उन्हें लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां करीब छह घंटे तक उनकी सर्जरी चली थी। पांच दिन बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिली थी। हमले के बाद करीना कपूर ने बताया था कि वह घबराहट में रात के कपड़ों में ही सड़क पर निकल आई थी और सैफ को अस्पताल पहुंचाने के लिए गुजरने वाली गाड़ियों को रोकने की कोशिश कर रही थी। करीना के मुताबिक, इस घटना का परिवार पर गहरा मानसिक असर पड़ा था। उन्हें करीब छह महीने तक ठीक से नींद नहीं आई थी। हाल ही में सैफ और करीना ने करण जौहर के चैट शो कॉफी विद करण सीजन 9 में भी उस रात के अनुभव साझा किए थे।

यह भी पढ़ें:मध्य प्रदेश में 1.17 लाख PNG कनेक्शन बेकार, घरों तक पाइपलाइन पहुंची पर गैस नहीं

बाबा सिद्दीकी की 12 अक्टूबर 2024 की रात मुंबई के बांद्रा ईस्ट में उनके बेटे जीशान सिद्दीकी के कार्यालय के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। 66 वर्षीय सिद्दीकी महाराष्ट्र सरकार में मंत्री रह चुके थे और एनसीपी के वरिष्ठ नेता थे। हमले में तीन हमलावर शामिल थे। इस हत्याकांड की जांच में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के छोटे भाई अनमोल बिश्नोई का नाम भी सामने आया था। अनमोल को पिछले साल नवंबर में अमेरिका से भारत डिपोर्ट किया गया था। इसके बाद राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। फिलहाल वह दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है।

पुलिस अब सैफ को मिली धमकी के मामले में जीशान अख्तर की भूमिका और धमकी देने वाले की वास्तविक पहचान की जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि इस धमकी का बाबा सिद्दीकी हत्याकांड से कोई सीधा संबंध है या किसी ने आरोपी का नाम इस्तेमाल कर पुलिस और फिल्मी हस्तियों को परेशान करने की कोशिश की है।

यह भी पढ़ें:जबलपुर रेलवे स्टेशन पर स्टॉल में लगी भीषण आग, पार्सल बोगी और शेड तक पहुंचीं लपटें