लखनऊ। उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शुक्रवार को निधन हो गया। वे 91 साल की थीं। सावित्री देवी लंबे समय से बीमार चल रही थीं। उनके निधन पर देश के तमाम नेताओं ने शोक जताया और श्रद्धांजलि व्यक्त की।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने ट्वीट किया, 'उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी की पूज्य माताजी श्रीमती सावित्री देवी जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। मां का जाना वह दुःख है, जिसे शब्दों में व्यक्त कर पाना असंभव है। मां का स्थान जीवन में कोई नहीं ले सकता। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं मुख्यमंत्री जी एवं उनके समस्त परिवारजनों के साथ हैं। प्रभु श्रीराम जी दिवंगत को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिवार को यह असहनीय दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।'

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लिखा कि उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी की पूज्य माताजी श्रीमती सावित्री देवी जी के देवलोकगमन का समाचार अत्यंत दुःखद है। इस दुःखद घड़ी में मेरी संवेदनाएँ योगी जी एवं समस्त शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। माँ की सन्निधि जीवन का सबसे पवित्र संबल होता है। उनका वात्सल्य, संस्कार और जीवनमूल्य संतान के अंतर्मन में आजीवन विद्यमान रहते हैं। प्रभु श्रीराम दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें। ॐ शांति!

वहीं, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ट्वीट किया, "उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की पूजनीय माताजी, सावित्री देवी जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है। एक माँ का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल निधि होती है। उनका जाना परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है। मैं बाबा केदारनाथ से प्रार्थना करता हूं कि वे दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और माननीय योगी जी तथा शोक संतप्त परिजनों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें।"

योगी आदित्यनाथ की मां ने पौड़ी गढ़वाल के पंचूर गांव में सुबह 11 बजे अंतिम सांस ली। उस वक्त घर में योगी के भाई महेंद्र और उनका परिवार मौजूद था। योगी आदित्यनाथ करीब 4 बजे तक पंचूर गांव पहुंच सकते हैं। SSP सर्वेश पवार ने बताया कि कल ऋषिकेश के संपूर्णानंद घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जा सकता है।