राजगढ़। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के जीरापुर थाना क्षेत्र में एक 35 वर्षीय महिला के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना 31 मार्च की रात से 1 अप्रैल की देर रात के बीच की बताई जा रही है। आरोपी ने महिला को जंगल में ले जाकर उसके साथ जबरदस्ती की थी।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने थाने पहुंचकर बताया कि नर्मदेश्वर कॉलोनी निवासी मुकेश उसे बहला फुसलाकर भंडावद रोड स्थित जंगल की ओर ले गया था। वहां आरोपी ने रात करीब 10 बजे से लेकर तड़के 2 बजे के बीच उसके साथ तीन बार दुष्कर्म किया था। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि इस दौरान आरोपी उसे लगातार धमकाता रहा और किसी को घटना के बारे में बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी।

यह भी पढ़ें:अभिषेक शर्मा पर लगा 25 फीसदी मैच फीस का जुर्माना, KKR के खिलाफ किया था आचार संहिता का उल्लंघन

घटना के बाद डर और मानसिक सदमे के कारण पीड़िता तुरंत शिकायत नहीं कर सकी। हालांकि, एक दिन बाद उसने हिम्मत जुटाई और गुरुवार को जीरापुर थाने पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2), 87 और 351(3) के तहत केस 100/2026 दर्ज किया।

थाना प्रभारी आदित्य सोनी ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

यह भी पढ़ें:इंडोनेशिया में फिर कांपी धरती, 7.4 तीव्रता के भूकंप के बाद सुनामी का अलर्ट