अभिषेक शर्मा पर लगा 25 फीसदी मैच फीस का जुर्माना, KKR के खिलाफ किया था आचार संहिता का उल्लंघन
कोलकाता के खिलाफ मैच में अंपायर के फैसले पर नाराजगी जताने वाले सनराइजर्स हैदराबाद के अभिषेक शर्मा पर मैच फीस का 25% जुर्माना लगा है। उन्हें एक डिमेरिट पॉइंट भी दिया गया।
कोलकाता। कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले के दौरान सनराइजर्स हैदराबाद के ओपनर अभिषेक शर्मा को आचार संहिता का उल्लंघन महंगा पड़ गया। मैच के दौरान अनुचित व्यवहार के चलते उन पर मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। साथ ही उनके खाते में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ दिया गया है।
IPL की ओर से जारी बयान के मुताबिक, अभिषेक को आचार संहिता के आर्टिकल 2.3 के तहत दोषी पाया गया। यह मैदान पर असंतुलित व्यवहार, इशारों या खेल भावना के खिलाफ प्रतिक्रिया से जुड़ा होता है। यह लेवल 1 का अपराध माना जाता है। इसमें मैच रेफरी का फैसला अंतिम होता है। अभिषेक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए सजा को बिना किसी आपत्ति के मान लिया है।
यह भी पढ़ें:इंडोनेशिया में फिर कांपी धरती, 7.4 तीव्रता के भूकंप के बाद सुनामी का अलर्ट
घटना गुरुवार को खेले गए मुकाबले के दौरान हुई जब अभिषेक शर्मा 8.4 ओवर में आउट हो गए थे। ब्लेसिंग मुजारबानी की धीमी शॉर्ट ऑफ लेंथ गेंद पर उन्होंने पुल शॉट खेला था। जिसे डीप स्क्वेयर लेग पर तैनात वरुण चक्रवर्ती ने शानदार डाइव लगाकर कैच में तब्दील कर दिया था। हालांकि, कैच की वैधता को लेकर कुछ संदेह था लेकिन थर्ड अंपायर ने अलग-अलग एंगल से जांच के बाद उन्हें आउट करार दिया था।
इस फैसले से असहमत नजर आए अभिषेक मैदान से बाहर जाते वक्त नाराजगी जताते दिखे थे। जिसे ही उनके खिलाफ कार्रवाई की वजह माना जा रहा है। वह अपने अर्धशतक से चूक गए और 21 गेंदों पर 48 रन बनाकर पवेलियन लौट गए थे।
यह भी पढ़ें:भोपाल में BJP MLA का वेयरहाउस ब्लैकलिस्ट, शासकीय खरीदी शुरु होने पहले मिला 6,522 क्विंटल गेहूं
IPL नियमों के अनुसार, लेवल 1 उल्लंघन में अपील का कोई प्रावधान नहीं होता और मैच रेफरी का निर्णय ही अंतिम माना जाता है। अब अभिषेक के खाते में एक डिमेरिट पॉइंट जुड़ने के बाद उन पर आगे के मैचों में विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत होगी। ऐसा इसलिए क्योंकि तय सीमा के भीतर चार या उससे अधिक पॉइंट होने पर एक या अधिक मैचों का प्रतिबंध लगाया जा सकता है।
मैच की बात करें तो सनराइजर्स हैदराबाद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स को 65 रन से हरा दिया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद ने 8 विकेट के नुकसान पर 226 रन बनाए थे। जबकि, कोलकाता की टीम 16 ओवर में 161 रन पर सिमट गई थी।
यह भी पढ़ें:AAP ने राघव चड्ढा को राज्यसभा में उपनेता पद से हटाया, संसद में पार्टी की ओर से बोलने पर भी रोक




