ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में मंगलवार सुबह एक कॉन्स्टेबल ने ड्यूटी के दौरान अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। यह घटना सुबह करीब 5 बजे एसएएफ की सेकेंड बटालियन के गेट पर हुई जहां वह तैनात था। गोली लगने के बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, मृतक कॉन्स्टेबल कुलदीप अनुरागी (40) मूल रूप से नौगांव का निवासी था और उसकी ड्यूटी रात 2 बजे से सुबह 6 बजे तक सेकेंड बटालियन गेट पर लगी थी। घटना के समय वह अपने परिवार से वीडियो कॉल पर बात कर रहा था। इसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। पास में मौजूद पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे तो कुलदीप घायल अवस्था में जमीन पर पड़ा था और उसकी सर्विस गन पास में ही पड़ी थी। उसे सीने में गोली लगी थी।
घटना के बाद मौके पर फोरेंसिक टीम और पुलिस अधिकारियों ने पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर यह आत्महत्या का मामला माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
वहीं, मृतक की पत्नी प्रियंका ने बताया कि घटना से पहले उनके बीच किसी तरह का विवाद नहीं हुआ था। उन्होंने बताया कि वीडियो कॉल पर उन्होंने सिर्फ इतना पूछा था कि वह घर कब तक आएंगे। जिस पर कुलदीप ने सुबह 5 बजे तक आने की बात कही और कॉल कट गया। इसके कुछ समय बाद उन्हें उनके पिता का फोन आया जिसमें घटना की जानकारी दी गई।
यह भी पढ़ें:CG: जनगणना ड्यूटी पर शिक्षकों का विरोध, भीषण गर्मी में सर्वे करने के लिए की 1 करोड़ के बीमा की मांग