UP का बांदा दुनिया का सबसे गर्म शहर, 47 डिग्री के पार पहुंचा तापमान, राज्यों को हीट स्ट्रोक यूनिट खोलने के निर्देश

देशभर में भीषण गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। बांदा 47.6°C के साथ सबसे गर्म रहा। जबकि, राजस्थान, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में पारा 46°C पार पहुंच गया।

Updated: Apr 28, 2026, 11:27 AM IST

उत्तर भारत समेत देश के कई हिस्सों में सोमवार को गर्मी ने नया रिकॉर्ड बना दिया। उत्तर प्रदेश के बांदा में तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। जो इस सीजन ही नहीं बल्कि अप्रैल महीने के इतिहास में देश का अब तक का सबसे ज्यादा तापमान है। इसके साथ ही बांदा दुनिया का सबसे गर्म शहर भी रहा था।

राजस्थान के जैसलमेर में 46.6°C तापमान रिकॉर्ड हुआ। जिसने पिछले साल 18 अप्रैल 2025 के 46.3°C के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। वहीं, मध्य प्रदेश के खजुराहो में पारा 46°C तक पहुंच गया जो पिछले 10 सालों का सबसे ऊंचा स्तर है। इसके अलावा बाड़मेर (46°C), वर्धा (46.5°C), अमरावती (46.6°C) और अकोला (46.3°C) जैसे शहर भी भीषण गर्मी की चपेट में रहे। वहां तापमान 46 डिग्री या उससे अधिक दर्ज किया गया था।

दिल्ली में बढ़ती गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने राहत के कदम उठाए हैं। बसों में ठंडा पानी रखने और बस स्टॉप पर मुफ्त ठंडा पानी व ओआरएस उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है। वहीं, केंद्र सरकार ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को अस्पतालों में हीट स्ट्रोक मैनेजमेंट यूनिट सक्रिय करने के निर्देश दिए हैं। ताकि आपात स्थिति में मरीजों का तुरंत इलाज किया जा सके।

मौसम विभाग के अनुसार, 29 अप्रैल को मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, उत्तर प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, ओडिशा, हरियाणा, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और महाराष्ट्र में लू चलने की आशंका है। वहीं, पूर्वोत्तर राज्यों असम और मेघालय में भारी बारिश का अनुमान है। उत्तराखंड में ओलावृष्टि, तेज हवाएं और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।

30 अप्रैल को भी कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदला हुआ रह सकता है। ओडिशा में गर्म और उमस भरा मौसम बना रहेगा। जबकि, छत्तीसगढ़ और झारखंड में आंधी और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड और दिल्ली में तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी है। बिहार, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ गरज-चमक हो सकती है।

इस साल अप्रैल में गर्मी ने असामान्य रूप से तीव्र रूप दिखाया है। अब तक करीब 45 बार अलग-अलग मौसम केंद्रों पर तापमान 45°C से ऊपर दर्ज किया जा चुका है। यह साल 2022 के बाद सबसे ज्यादा है। उस साल यह आंकड़ा 56 बार तक पहुंचा था। इससे साफ है कि इस बार अप्रैल पिछले चार सालों में सबसे अधिक गर्म रहा है।

हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के सक्रिय होने से कुछ समय के लिए तापमान में हल्की राहत मिल सकती है लेकिन इसके बाद मई के पहले सप्ताह से गर्मी फिर तेज होगी। अनुमान है कि राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में तापमान 48 से 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

हीट स्ट्रोक के बढ़ते खतरे को देखते हुए अस्पतालों में विशेष यूनिट्स तैयार की जा रही हैं। ये यूनिट गोल्डन आवर के भीतर मरीज की जान बचाने पर फोकस करती हैं। हीट स्ट्रोक की स्थिति में शरीर का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक हो जाता है। जिसे तुरंत नियंत्रित करना जरूरी होता है। इसके लिए मरीज को ठंडे पानी, कूलिंग कंबल और ठंडी हवा के जरिए तेजी से ठंडा किया जाता है। साथ ही नसों के माध्यम से तरल पदार्थ दिए जाते हैं और किडनी व लिवर की लगातार निगरानी की जाती है।

दूसरी ओर कई राज्यों में मौसम ने अचानक करवट भी ली है। राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव से पिछले 24 घंटों के दौरान कई इलाकों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि हुई। हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर और बीकानेर समेत कई शहरों में तेज हवाओं के साथ ओले गिरे। जयपुर मौसम केंद्र ने राज्य के 11 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

बिहार में भी मौसम विभाग ने 36 जिलों में आंधी बारिश की चेतावनी दी है। 14 जिलों के लिए ऑरेंज और 24 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। सोमवार को अररिया, समस्तीपुर और नालंदा समेत कई इलाकों में तेज आंधी चली थी। वहां एक जगह दीवार गिरने से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई।

पंजाब और चंडीगढ़ में भी मौसम बदला हुआ नजर आया। लुधियाना और जालंधर में बारिश हुई। जबकि, कई जगह बादल छाए रहे थे। मौसम विभाग ने यहां अगले दो दिनों के लिए आंधी तूफान और बिजली गिरने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।