उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में शुक्रवार सुबह महाकाल मंदिर के बाहर एक सनसनीखेज घटना हुई। मंदिर के सामने एक पिता ने अपनी ही 18 वर्षीय बेटी पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे उज्जैन के चरक अस्पताल पहुंचाया जहां उसका इलाज जारी है। वारदात के बाद आरोपी पिता मौके से फरार हो गया।

घायल युवती की पहचान वर्षा पारदी (18) के रूप में हुई है। वह महेश्वर जेल रोड क्षेत्र की रहने वाली है और इन दिनों कार्तिक मेला ग्राउंड इलाके में अपनी मां के साथ रह रही है। बताया जा रहा है कि वर्षा रोज की तरह शुक्रवार सुबह महाकाल मंदिर के सामने फूल माला बेच रही थी। इसी वक्त यह घटना हुई।

यह भी पढ़ें:सीहोर में डबल मर्डर से सनसनी, 10वीं की परीक्षा देने जा रहे भाई-बहन को ताऊ ने लाठियों से पीटकर मार डाला

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह महाकाल घाटी क्षेत्र में वर्षा की मां और उसके पिता के परिवार के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया था। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और दोनों पक्ष सड़क पर आमने-सामने आ गए। इसी दौरान आरोपी पिता वर्षना वहां पहुंचा और गुस्से में आकर उसने अपनी बेटी पर चाकू से हमला कर दिया। उसने वर्षा की पीठ और जांघ पर वार किए जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी तुरंत मौके से भाग निकला।

मौके पर मौजूद लोगों ने घायल युवती को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल चरक अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टर उसकी हालत पर नजर रखे हुए हैं। परिजनों के अनुसार, आरोपी पिता करीब 16 साल पहले परिवार को छोड़कर चला गया था और उसने दूसरी शादी कर ली थी। वर्षा की मां माना बाई का कहना है कि बेटी का पालन-पोषण उन्होंने ही अकेले किया है। माना बाई ने आरोप लगाया कि आरोपी पिता अचानक वहां पहुंचा और बेटी की शादी कराने की बात करने लगा। उनका कहना है कि वह पैसों के लालच में बेटी की शादी करना चाहता था और इसके बदले करीब 5 लाख रुपये लेने की बात कह रहा था। 

यह भी पढ़ें:सतना में हिस्ट्रीशीटर बदमाश ने लिया भाई के अपमान का बदला, किसान की गोली मारकर की हत्या

घायल वर्षा ने भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि उसके पिता एक रिश्तेदार के साथ आए थे और कह रहे थे कि उसकी शादी नहीं करेंगे बल्कि उसे 5 लाख रुपये में बेच देंगे। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और गुस्से में आकर पिता ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि पुलिस टीम अस्पताल पहुंचकर युवती के बयान लेने की तैयारी कर रही है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।