सीहोर में डबल मर्डर से सनसनी, 10वीं की परीक्षा देने जा रहे भाई-बहन को ताऊ ने लाठियों से पीटकर मार डाला

सीहोर के धरमपुरी में शुक्रवार सुबह पारिवारिक रंजिश के कारण निर्दयी ताऊ ने 10वीं की बोर्ड परीक्षा देने जा रहे सगे भतीजे कुलदीप और भतीजी शीतल की लाठियों से पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी।

Updated: Mar 06, 2026, 01:40 PM IST

सीहोर। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। सिद्दीकगंज थाना क्षेत्र के धरमपुरी गांव में शुक्रवार सुबह एक व्यक्ति ने अपने ही सगे भतीजे और भतीजी की लाठियों से हमला कर हत्या कर दी। दोनों भाई-बहन 10वीं की बोर्ड परीक्षा देने घर से निकले थे लेकिन रास्ते में ही उनके ताऊ ने उन पर हमला कर दिया। जिसकी वजह से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, मृतक शीतल (20) और कुलदीप (18) शुक्रवार सुबह अपने घर से परीक्षा देने के लिए निकले थे। उनके पास परीक्षा के एडमिट कार्ड और बैग थे। बताया जा रहा है कि घर से कुछ दूरी पर ही उनके ताऊ हरिसिंह मालवीय ने घात लगाकर उन पर हमला कर दिया। आरोपी ने लाठी से सिर और शरीर पर लगातार कई वार किए जिससे दोनों को संभलने का मौका भी नहीं मिल सका था। गंभीर चोटों के कारण भाई-बहन सड़क पर ही गिर पड़े और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। सड़क पर गिरे उनके एडमिट कार्ड उनके अधूरे रह गए सपनों की कहानी बयां कर रहे थे।

यह भी पढ़ें:सतना में हिस्ट्रीशीटर बदमाश ने लिया भाई के अपमान का बदला, किसान की गोली मारकर की हत्या

परिजनों के मुताबिक, यह हमला अचानक नहीं था बल्कि पुरानी पारिवारिक रंजिश का नतीजा था। मृतकों के पिता जगदीश मालवीय ने बताया कि आरोपी हरिसिंह को पहले से पता था कि शुक्रवार को बच्चों की परीक्षा है और वे इसी रास्ते से गुजरेंगे। आरोप है कि वह सुबह से ही हाथ में लाठी लेकर रास्ते में छिपकर बैठा था और मौका मिलते ही उसने दोनों पर हमला कर दिया। परिवार का कहना है कि पुरानी दुश्मनी का बदला लेने के लिए आरोपी ने मासूम बच्चों को निशाना बनाया।

घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने। हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी हरिसिंह मालवीय मौके से फरार हो गया। एडिशनल एसपी सुनीता रावत ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर कानून के हवाले किया जाएगा।

यह भी पढ़ें:T-20 World Cup: सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड को 7 रनों से हराया, जीत के साथ फाइनल में एंट्री