ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर के चिरवाई नाका क्षेत्र में रविवार सुबह करीब 6 से 7 बजे के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। पहाड़ी पर बनाई गई लगभग 15 फीट ऊंची रिटेनिंग वॉल अचानक भरभराकर गिर गई। जिसकी चपेट में तीन लोग आ गए। हादसे में 40 वर्षीय तराना की मौके पर मौत हो गई। जबकि, उनके पति राहुल उर्फ लल्ली जाटव (42) और देवर पप्पू जाटव गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई।

जानकारी के अनुसार, तराना रोज की तरह रविवार सुबह भी दीवार के पास चाय और सिगरेट का ठेला लगाकर काम कर रही थी। उनके पति राहुल और देवर पप्पू भी वहीं मौजूद थे। इसी दौरान रिटेनिंग वॉल अचानक ढह गई और तीनों उसके नीचे दब गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया। जिसके बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

परिजनों ने बताया कि राहुल और तराना मूल रूप से गोल पहाड़िया संजय नगर के रहने वाले थे और फिलहाल गुड़ा-गुड़ी के नाके पर किराए के मकान में रह रहे थे। दोनों ने प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद तराना ने अपना नाम बदलकर सपना रख लिया था। परिवार की आजीविका चाय के ठेले से ही चलती थी। वहीं, पप्पू जाटव कुछ दिन पहले ही अपने भाई-भाभी से मिलने आया था और हादसे के समय उनके साथ मौजूद था।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने रिटेनिंग वॉल के निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि दीवार आवश्यकता से अधिक ऊंची बनाई गई थी और निर्माण के दौरान घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया। साथ ही पर्याप्त सरिया भी नहीं लगाया गया था। जिससे दीवार कमजोर हो गई थी।

बताया जा रहा है कि यह रिटेनिंग वॉल नगर निगम की ओर से बनाई जा रही थी और इसका निर्माण कार्य करीब दो महीने पहले शुरू हुआ था। हादसे के बाद प्रशासन ने निर्माण सामग्री और कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने का फैसला लिया है। इसके लिए एक जांच दल गठित किया जाएगा।

कलेक्टर रुचिका चौहान ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस स्थान पर कंक्रीट की दीवार गिरी उसके पीछे एक मकान का निर्माण भी चल रहा था। वहां निर्माण सामग्री रखी गई थी। इसलिए इस पहलू की भी जांच की जाएगी कि कहीं इसका दीवार पर अतिरिक्त दबाव तो नहीं पड़ा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी व्यक्ति या एजेंसी जिम्मेदार पाई जाएगी उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।