नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने ‘इंडिया’ गठबंधन के सांसदों को मंगलवार शाम को अपने घर पर ‘जलपान’ (हाई टी) के लिए बुलाया है। इस दौरान विपक्ष ‘वोट चोरी’ के खिलाफ संयुक्त विरोध-प्रदर्शन और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर रणनीति बनाएगा।

जलपान के बाद विपक्षी इंडिया गठबंधन प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगा। राहुल गांधी के पांच, सुनहरी बाग रोड स्थित घर पर यह बैठक होगी। इससे पहले कांग्रेस की अगुवाई में विपक्षी दलों ने सोमवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट की ओर मार्च निकाला था। विपक्षी नेताओं ने इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका भी दायर की है।

राहुल गांधी द्वारा आयोजित ‘हाई टी’ को विपक्षी दलों के बीच समन्वय और एकजुटता को और मजबूत करने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है। कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल पिछले कुछ समय से एसआईआर के मुद्दे पर सरकार तथा चुनाव आयोग को घेर रहे हैं। विपक्षी नेता लगातार ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी कर रहे हैं।

सोमवार को निकाले गए सुप्रीम कोर्ट मार्च में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, तृणमूल कांग्रेस के सांसद सौगत रॉय, समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव, एनसीपी (शरदचंद्र पवार) की सांसद सुप्रिया सुले, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की सांसद महुआ माजी सहित कई बड़े नेता मौजूद रहे। विपक्ष के नेताओं की ओर से सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका में अनुरोध किया गया है कि एसआईआर के दौरान किए गए बदलावों और हटाए गए नामों का एक तय समय में स्वतंत्र ऑडिट करने के लिए स्वतंत्र समिति बनाई जाए।