बालाघाट। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। बैहर–मालाजखंड रोड पर केवलारी चौराहे के पास एक चलती कार दुर्घटनाग्रस्त होकर आग की चपेट में आ गई। हादसे में कार सवार तीन लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। जबकि, दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। राहत की बात यह रही कि एक 8 वर्षीय बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और टकराते ही उसमें आग लग गई थी। आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर बैठे लोगों को संभलने या बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। कुछ राहगीरों ने मौके पर पहुंचकर खिड़कियों के कांच तोड़कर बचाव शुरू किया और तीन लोगों को बाहर निकालने में कामयाब रहे।
बताया जा रहा है कि कार चला रहे सीतम केलकर (30) अपने गांव पोण्डी (परसवाड़ा) से पौनी लौट रहे थे। वहां उनकी वेल्डिंग की दुकान है। वे तीन दिन पहले पत्नी और बच्चे के साथ गांव आए थे और लौटते समय अपने माता-पिता को भी साथ ले जा रहे थे। इसी दौरान पड़ोस की 8 वर्षीय बच्ची भी उनके साथ पौनी जा रही थी।
हादसे में सीतम केलकर, उनकी मां नानाबाई केलकर (60) और पूर्वी राहांगडाले को गंभीर हालत में बाहर निकाला गया। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, आग की भयावहता के कारण पिता नगारची केलकर (65), पत्नी सविता केलकर (28) और 3 वर्षीय बेटे अभि केलकर को बाहर नहीं निकाला जा सका और तीनों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह चालक को आई झपकी बताई जा रही है। हालांकि, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।