रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा जिले के मनगवां विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत नदना (डिहिया) में सड़क सुविधा के अभाव ने एक आदिवासी महिला की जान ले ली। रविवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से घायल हुई महिला को परिजन और ग्रामीण करीब दो किलोमीटर तक खाट पर उठाकर कच्चे और कीचड़ भरे रास्ते से बाहर लाए लेकिन अस्पताल पहुंचने में हुई देरी के कारण रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है।

मृतका की पहचान रामकली रावत पत्नी स्वर्गीय राम स्वयंवर रावत निवासी ग्राम पंचायत नदना (डिहिया) के रूप में हुई है। वायरल वीडियो में ग्रामीणों को महिला को खाट पर ले जाते हुए देखा जा सकता है। खराब सड़क और कीचड़ से भरे रास्ते के कारण वाहन गांव तक नहीं पहुंच सका। जिससे समय पर इलाज मिलना संभव नहीं हो पाया।

घटना के बाद क्षेत्र की सड़क व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ग्राम पंचायत में सड़क निर्माण के लिए विधायक निधि से 5 लाख रुपये स्वीकृत किए गए थे लेकिन अब तक सड़क का निर्माण नहीं हो सका। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।

ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर कई बार शिकायतें की गई लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया गया। महिला की मौत के बाद ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।