इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में गुरुवार देर रात एक बड़ा हादसा टल गया। शहर के रावजी बाजार थाना क्षेत्र में एक कबाड़ी द्वारा गैस सिलेंडर काटने के दौरान अचानक अमोनिया गैस का रिसाव शुरू हो गया। गैस फैलते ही आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गैस की वजह से कई लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी थी। एहतियातन दो महिलाओं समेत पांच लोगों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। फिलहाल सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, घटना 26 फरवरी की रात रावजी बाजार पुलिस स्टेशन इलाके के ककतपुरा पुल के नीचे स्थित एक कबाड़ की दुकान पर हुई। यहां शहजाद नाम का स्क्रैप डीलर बेचने के उद्देश्य से एक सिलेंडर को काटने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान सिलेंडर से तेज बदबू के साथ गैस निकलने लगी। कुछ ही देर में आसपास मौजूद लोगों में घबराहट, खांसी और सांस लेने में परेशानी की शिकायत होने लगी। जिसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

एडिशनल डिप्टी कमिश्नर दिशेष अग्रवाल ने बताया कि गैस लीक की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और इलाके को खाली कराया गया। प्रभावित लोगों को तुरंत अस्पताल भेजा गया। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक सभी मरीज खतरे से बाहर हैं। चीफ मेडिकल एंड हेल्थ ऑफिसर डॉ. माधव हसनी ने भर्ती किए गए पांचों लोगों की स्थिति सामान्य होने की पुष्टि की। इनमें पास में रहने वाली करीब 50 वर्षीय एक महिला भी शामिल है जो पहले से हृदय रोग की मरीज थी।

दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सिलेंडर बीच से कटा हुआ था जिसके कारण उसका वाल्व बंद करना संभव नहीं था। गैस को नियंत्रित करने के लिए पहले सिलेंडर पर लगातार पानी का स्प्रे किया गया ताकि तापमान कम किया जा सके और गैस का प्रभाव घटे। बाद में सिलेंडर को एक बड़े ड्रम में रखकर पानी और तिरपाल से ढक दिया गया जिससे गैस का फैलाव रोका जा सका। अधिकारियों के मुताबिक, यह अमोनिया गैस से भरा सिलेंडर था। 

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान कुछ दमकल कर्मियों और कर्मचारियों को भी हल्की खांसी और सांस लेने में दिक्कत हुई थी। हालांकि, किसी को गंभीर नुकसान नहीं पहुंचा। फायर ब्रिगेड ने इलाके में पानी का छिड़काव कर गैस के असर को कम किया और सिलेंडर को हटाकर सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया।

पुलिस ने मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में कबाड़ी शहजाद को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि बिना जानकारी और सुरक्षा उपायों के गैस भरे सिलेंडर को काटने की कोशिश इस घटना की मुख्य वजह बनी।