खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा की कृषि उपज मंडी में सोमवार को गेहूं के कम दाम मिलने से नाराज किसानों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। आक्रोशित किसानों ने नीलामी प्रक्रिया ठप कर दी और मौके पर मौजूद मंडी अधिकारियों का घेराव कर अपनी नाराजगी खुलकर जताई।
प्रदर्शन कर रहे किसानों का कहना है कि मंडी में उनके गेहूं की खरीदी 2100 से 2200 रुपए प्रति क्विंटल के बीच की जा रही है जो उनकी लागत के मुकाबले काफी कम है। किसानों ने मांग रखी है कि गेहूं की खरीदी न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही उन्होंने तुलाई व्यवस्था को लेकर भी आपत्ति जताई और साफ कहा कि वे व्यापारियों के निजी कांटों पर अपनी उपज नहीं तौलेंगे। किसानों की मांग है कि तुलाई मंडी परिसर के भीतर ही की जाए ताकि पारदर्शिता बनी रहे।
यह भी पढ़ें:तमिलनाडु में डिजिटल अरेस्ट का MP कनेक्शन, रतलाम के बैंक खाते में पहुंचे 47 लाख, 3 गिरफ्तार
स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह पुरानी और किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष सोनू गुर्जर भी मंडी पहुंचे। उन्होंने किसानों का समर्थन करते हुए अधिकारियों से चर्चा की और समस्या के समाधान की मांग की है। बढ़ते तनाव को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल हस्तक्षेप किया। तहसीलदार महेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
उस दौरान मंडी सचिव रामवीर सिंह किरार ने किसानों और व्यापारियों के बीच समझौता कराने की कोशिश भी की थी। साथ ही उन्होंने नीलामी दोबारा शुरू करवाने का भी प्रयास किया था लेकिन किसान अपनी मांगों पर अड़े रहे थे। हालात यह रहे कि दोपहर करीब एक बजे तक मंडी में नीलामी पूरी तरह बंद रही थी। फिलहाल प्रशासन किसानों को समझाने और दोनों पक्षों के बीच सहमति बनाने के प्रयास में जुटा हुआ है ताकि मंडी की व्यवस्था सामान्य हो सके।
यह भी पढ़ें:MP में बढ़ा गर्मी का प्रकोप, 16 अप्रैल से लू का अलर्ट, कई शहरों में पारा 40 पार