इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में स्वाइन फ्लू यानी H1N1 संक्रमण को लेकर स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। उज्जैन की करीब 60 से 62 वर्षीय महिला की H1N1 संक्रमण के बाद मौत के कुछ ही दिनों बाद इंदौर में इस बीमारी का दूसरा मरीज सामने आया है। संक्रमित मरीज को इंदौर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका उपचार जारी है। लगातार दूसरा मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग अब संक्रमण के संभावित स्रोत और मरीज के संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटाने पर नजर रख रहा है।
पहला मामला उज्जैन की रहने वाली महिला का था। करीब 60-62 वर्षीय महिला की H1N1 रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें इंदौर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां करीब 16 दिनों तक उनका इलाज चला। हालांकि, 18 अगस्त को परिजन उन्हें लीव अगेनस्ट मेडिकल एडवाइस के तहत अस्पताल से छुट्टी लेकर उज्जैन ले गए थे। इसके अगले ही दिन घर पर महिला की मौत हो गई थी। महिला की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अस्पताल प्रबंधन से मरीज के उपचार और संबंधित रिकॉर्ड की जानकारी मांगी है।
यह भी पढ़ें:सर्दी-जुकाम की इन दवाइयों का कॉम्बीनेशन बच्चों के लिए बैन, पैकेट पर वार्निंग लिखना होगा जरूरी
महिला की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मामले की पड़ताल शुरू कर दी है। विभाग की ओर से विशेषज्ञों की एक टीम गठित की गई है जो संक्रमण से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। इसमें महिला को संक्रमण कहां से हुआ और बीमारी के दौरान उनके संपर्क में कौन-कौन लोग आए जैसी जानकारियां जुटाई जा रही हैं। परिजनों के अनुसार, महिला सामान्य तौर पर ज्यादा बाहर नहीं जाती थी। वह कभी कभार पार्क जरूर जाती थी। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग के सामने संक्रमण के संभावित स्रोत का पता लगाना भी चुनौती बना हुआ है।
अब इंदौर में दूसरा H1N1 संक्रमित मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग के लिए निगरानी और संपर्कों की पहचान और महत्वपूर्ण हो गई है। विभाग को यह पता लगाना होगा कि नए मरीज का किसी पहले संक्रमित व्यक्ति से संपर्क रहा है या दोनों मामलों के पीछे कोई समान संक्रमण स्रोत है। स्वास्थ्य विभाग संक्रमित मरीज की स्थिति पर नजर रखने के साथ उसके संपर्क में आए लोगों की जानकारी भी जुटा सकता है ताकि संक्रमण के संभावित प्रसार को समय रहते रोका जा सके।
यह भी पढ़ें:इंदौर के शासकीय अस्पतालों में मलयुक्त पानी पीने को मजबूर मरीज, 6 बड़े अस्पतालों के सैंपल फेल
H1N1 संक्रमण में आम तौर पर बुखार, खांसी, गले में खराश, शरीर में दर्द और कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। कुछ मरीजों में संक्रमण गंभीर रूप भी ले सकता है। खासतौर पर सांस लेने में परेशानी या हालत बिगड़ने जैसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है। फिलहाल इंदौर में दूसरा मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता संक्रमित मरीज का उपचार, संपर्क में आए लोगों की निगरानी और संक्रमण के स्रोत का पता लगाना है।