ग्वालियर। दहेज के लिए एक नवविवाहिता को जिंदा जलाने की कोशिश का मामला सामने आया है। मंगलवार को आरोन के बन्हेरी गांव में पति, सास और ननद ने मिलकर महिला को जला दिया। पुलिस ने तीनों पर महिला को जान से मारने और दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार महिला की सास राजाबेटी ने बहू पर केरोसिन उड़ेला, जिसके बाद ननद सोनम ने अपनी भाभी पर आग लगा दी। जैसे ही बहू के शरीर पर आग लगी उसने पति से बचाने की गुहार की। वह मदद के लिए पति की तरफ दौड़ी। जिसपर पति ने उसे धक्का मारकर गिरा दिया और आगे बढ़ गया। आग बढ़ते देख महिला ने चिल्लाना शुरू किया। आवाज सुनकर पड़ोसियों ने वहां पहुंचकर उसकी जान बचाई और उसे अस्पताल में भर्ती करवाया है।

और पढ़ें: ग्वालियर में संदिग्ध हालत में मिला टीचर का शव, हत्या या आत्महत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस

10 महीने पहले ही बेलगढ़ा निवासी 19 वर्षीय रूमेश की शादी बन्हेरी निवासी गोपाल बघेल से हुई थी। शादी के बाद से ही उसके ससुराल वाले उसपर दहेज के लिए दबाव बना रहे थे। महिला का पति, जेठ मोहन, सास और ननद की मांग थी कि वह दहेज में बाइक, फ्रीज और वॉशिंग मशीन लेकर आए। बहू का कहना था कि उसके मायके वाले इतने पैसे वाले नहीं है कि वे उन्हें यह सब लाकर दे सकें। इसी बात को लेकर मंगलवार को भी बहस हो रही थी। जब बहू खाना खा रही थी तब उसकी सास और ननद ने आग लगा दी। पड़ोसी उसे अस्पताल ले गए और वहां भर्ती कराया। डॉक्टर की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, और गंभीर रूप से झुलसी महिला का बयान दर्ज किया। उसकी शिकायत पर ससुराल वालों के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है। वहीं महिला का पति, सास और ननद फरार हैं, पुलिस इनकी खोज में जुटी है।