सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले से शुक्रवार दोपहर एक बड़ी बैंक डकैती की वारदात सामने आई। बैढ़न स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा में करीब 1 बजे पांच हथियारबंद बदमाश घुस गए और फायरिंग करते हुए लगभग 9-10 किलो सोना और करीब 20 लाख रुपए नकद लूटकर फरार हो गए। लूटे गए सोने की कीमत करीब 15 करोड़ रुपए आंकी गई है।

जानकारी के मुताबिक, बैंक में रखा गया सोना ग्राहकों का था जिसे गिरवी रखकर लोन दिया गया था। यह पूरा सोना एक ही लॉकर में रखा हुआ था जिसे बदमाशों ने लूट लिया। आरोपी अपने साथ पिठू बैग और एक बड़ा कपड़े का थैला लेकर आए थे और उसी में लूट का सामान भरकर भाग निकले।

यह भी पढ़ें:ग्वालियर में नहीं थम रहे साइबर ठगी के मामले, BSF SI के खाते से निकले 7.12 लाख रुपये

घटना के दौरान बैंक में मौजूद चश्मदीद आशीष पांडे ने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ बैंक में काम के सिलसिले में आए थे। तभी अचानक दो हथियारबंद बदमाश अंदर घुसे और कर्मचारियों को काबू में कर लिया। कुछ ही मिनटों में उनके तीन और साथी पहुंच गए और पूरे बैंक परिसर को अपने कब्जे में ले लिया। बदमाशों ने कर्मचारियों और ग्राहकों पर बंदूक तान दी थी।

एसपी मनीष खत्री के अनुसार, आरोपियों ने बैंक मैनेजर से नकदी और लॉकर की जानकारी मांगी। विरोध करने पर मैनेजर के साथ मारपीट की गई और बंदूक की बट से उनके सिर पर हमला किया गया। करीब 15 मिनट तक बदमाशों ने बैंक के अंदर उत्पात मचाया और फिर नकदी व जेवर लेकर फरार हो गए।

यह भी पढ़ें:चंबल में अवैध रेत खनन पर SC सख्त, MP समेत तीन राज्य के सरकारों को लगाई फटकार

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आई और पूरे जिले में घेराबंदी कर दी गई। सभी एग्जिट पॉइंट्स को सील कर दिया गया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, बैंक में लगभग 14.50 लाख रुपए पहले से रखे थे। जबकि, बाकी रकम उसी दिन का कलेक्शन था। इसके अलावा बड़ी मात्रा में सोना-चांदी भी मौजूद था।

जांच में यह भी सामने आया है कि घटना के समय बैंक में कोई गार्ड मौजूद नहीं था। बदमाशों ने एक राउंड फायर भी किया था। एक आरोपी हेलमेट पहने हुए था। जबकि, बाकी चार के चेहरे खुले थे। पुलिस अब प्रत्यक्षदर्शियों और बैंक कर्मचारियों के बयान दर्ज कर रही है।

यह भी पढ़ें:खंडवा में भाजपा नेता की दबंगई, थार से पूर्व सरपंच के परिवार को मारी टक्कर, 2 की मौत और 3 घायल

बैंक के सामने लगी एक दुकान के सीसीटीवी कैमरे में तीन बदमाशों के भागने का फुटेज सामने आया है। इसमें देखा जा सकता है कि एक आरोपी पहले बाहर निकलकर बाइक पर इंतजार करता है। जबकि, दो अन्य साथी झोला लेकर बैंक से भागते हैं। इसके बाद तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर बैढ़न शहर की ओर फरार हो जाते हैं।

मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश पर रात करीब 10:45 बजे डीजीपी कैलाश मकवाना मौके पर पहुंचे। इससे पहले रीवा रेंज के आईजी साकेत प्रसाद पांडे भी टीम के साथ पहुंच चुके थे। फोरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। पुलिस ने इस मामले में पड़ोसी राज्यों छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश की पुलिस से भी संपर्क किया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा किया गया है।

यह भी पढ़ें:भोपाल में शादी के लिए कॉर्मशियल गैस की नई व्यवस्था लागू, कार्ड दिखाकर ले सकेंगे 2 सिलेंडर