भोपाल। मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी डैम में हुए क्रूज हादसे में 13 लोगों की डूबने से मौत के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। इस घटना के विरोध में रविवार को भोपाल में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र लोधी को जिम्मेदार ठहराते हुए विरोध प्रदर्शन किया और प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली।
प्रदर्शन की शुरुआत जवाहर बाल भवन से हुई थी। वहां से युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता शव यात्रा लेकर आगे बढ़े। हालांकि, प्रकाश तरण पुष्कर के सामने पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोकने की कोशिश की। इसके बावजूद कार्यकर्ता आगे बढ़ने पर अड़े रहे। जिससे मौके पर धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई थी।
इस प्रदर्शन का नेतृत्व युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष अमित खत्री और प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक परमार ने किया। विरोध जताने के लिए कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से 11 अर्थियां तैयार की थीं। जिन्हें लेकर वे आगे बढ़ रहे थे।
स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई जब प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग की ओर लाठी-डंडे और प्रतीकात्मक अर्थियां फेंकना शुरू कर दिया। पुलिस ने पहले समझाने का प्रयास किया लेकिन जब प्रदर्शनकारी नहीं माने तो हल्का बल प्रयोग कर उन्हें वहां से खदेड़ दिया गया।