भोपाल। मध्य प्रदेश के भिंड कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव का तबादला कर दिया गया है। उनका तबादला बीजेपी विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह से विवाद के 34 दिन बाद किया गया। उनकी जगह किरोड़ीलाल मीना को भिंड की जिम्मेदारी दी गई है।

दरअसल, हाल ही में बीजेपी विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह के बीच विवाद और छात्र के थप्पड़काण्ड से कलेक्टर खूब सुर्खियों में आये थे। अपनी कार्यशैली से हमेशा विवादों में रहने बाले कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव का आखिर कार तबादला हो ही गया।

मध्य प्रदेश शासन ने मंगलवार को आईएएस अधिकारियों की तबादला सूची जारी की, जिसमें संजीव श्रीवास्तव को भोपाल लोक निर्माण विभाग में अपर सचिव बनाया गया है। वहीं उनकी जगह वर्ष 2016 बैच के आईएएस अधिकारी किरोड़ीलाल मीना को भिंड का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है।

किरोड़ीलाल मीणा अभी तक नगरीय प्रशासन विभाग में अपर आयुक्त के पद पर कार्यरत थे। कलेक्टर के रूप में भिंड उनका पहला जिला होगा। इससे पहले वे धार जिले में जिला पंचायत सीईओ और अपर कलेक्टर रह चुके हैं। उनकी छवि एक शांत और संवेदनशील अफसर के रूप में मानी जाती है। भिंड जैसे संवेदनशील जिले में उनकी कार्यशैली पर सबकी निगाहें टिकी रहेंगी।

बता दें कि भिंड विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह और कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव के बीच 27 अगस्त को गंभीर विवाद हो गया था। विधायक ने ऑफिसर कॉलोनी स्थित कलेक्टर आवास के बाहर धरना दिया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि जिले में खाद की भारी समस्या है और कलेक्टर इस पर ध्यान नहीं दे रहे। साथ ही उन्होंने कलेक्टर पर रेत चोरी के आरोप भी लगाए थे।