लखनऊ/भोपाल। उत्तर प्रदेश में समीक्षा अधिकारी और सहायक समीक्षा अधिकारी (RO-ARO) परीक्षा के प्रश्न पत्र लीक कांड का मध्य प्रदेश कनेक्शन सामने आया है। पर्चे भोपाल की एक प्रिंटिंग प्रेस में छपे थे और यहीं से लीक हुई थी। भोपाल में प्रिंटिंग प्रेस कर्मचारी सुनील रघुवंशी समेत आधा दर्जन लोगों को UP STF ने गिरफ्तार किया है।
उत्तरप्रदेश लोक सेवा आयोग ने 11 फरवरी 2024 को समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी (प्रारम्भिक) परीक्षा-2023 का आयोजन किया था। इस परीक्षा के शुरू होने से पहले ही पेपर सोशल मीडिया पर वायरल होने की शिकायत मिली थी। जिसके बाद सरकार ने परीक्षा को निरस्त कर दी थी और यूपी एसटीएफ को इसकी जांच सौंपी थी।
मामले की जांच कर रही यूपी एसटीएफ को तमाम सबूतों का आकलन करने के बाद लगा कि परीक्षा केंद्र के अलावा प्रिंटिंग प्रेस से भी पेपर आउट होने की संभावना है। इस पर प्रिंटिंग प्रेस के बारे में जानकारी ली तो पता चला पेपर भोपाल से छपवाया गया था। एसटीएफ जांच में पुलिस भर्ती में पहले गिरफ्तार किए गए मास्टर माइंड राजीव नयन मिश्रा की भी कुछ दिन तक भोपाल में रहने की बात सामने आई थी।
इसके बाद जांच में बिलखिरिया भोपाल के रहने वाले सुनील रघुवंशी को गिरफ्तार किया गया। सुनील प्रिंटिंग प्रेस में काम करता है। प्रश्न-पत्र प्रिटिंग प्रेस के कर्मचारी सुनील रघुवंशी को मिलाकर ही प्रिटिंग प्रेस से आउट कराया गया था। सुनील के कहने पर इस खेल में शामिल मधुबनी बिहार के रहने वाले सुभाष प्रकाश, इलाहाबाद के रहने वाले विशाल दुबे और संदीप पांडे, बलिया के रहने वाले विवेक उपाध्याय और बिहार के रहने वाले अमरजीत शर्मा को गिरफ्तार किया है।