इंदौर। इंदौर नगर निगम में हुए बड़े घोटालों के विरुद्ध कांग्रेस ने मोर्चा खोल रखा है। इसी क्रम में मंगलवार को कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारी कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे और वाटर कैनन भी चलाया। पुलिस के बलप्रयोग में कई कांग्रेस कार्यकर्ता घायल हुए हैं।
दरअसल, इंदौर नगर निगम में पिछले दिनों फर्जी बिल के साथ कुछ अन्य घोटालों का खुलासा हुआ है। इसके विरोध में कांग्रेस ने धरना प्रदर्शन का आह्वान किया था। प्रदर्शन का आयोजन नगर निगम कार्यालय के पास किया गया। इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने निगम परिसर में घुसने का प्रयास किया। इन्हें पुलिस ने बलप्रयोग कर खदेड़ दिया।
प्रदर्शन के दौरान मप्र कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के साथ पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव व अन्य वरिष्ठ नेता भी शामिल हुए। इस दौरान नगर कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत सिंह चड्ढा और जिला अध्यक्ष सदाशिव यादव भी नजर आए। दोनों नेताओं को पिछले दिनों गांधी भवन में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के आगमन पर खातिरदारी के कारण निलंबित करने की बात सामने आई थी। हालांकि, अब इन्हें बहाल कर दिया गया है।
पुलिस द्वारा वाटर कैनन चलाए जाने के कारण कुछ कार्यकर्ता और मीडियाकर्मी घायल हो गए। इस दौरान प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने प्रदर्शन स्थल पर ही एडीएम रोशन रॉय को मांगों संबंधी ज्ञापन सौंपा।