जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित भोलानगर में शनिवार शाम करीब 5 बजे बाइक सवार हमलावरों ने दो युवकों पर फायरिंग कर दी। घटना में प्रेमसागर निवासी करण पावड़े की मौत हो गई। जबकि, उसके साथ मौजूद दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस अब CCTV फुटेज के जरिए हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, करण पावड़े शनिवार शाम अपने एक साथी के साथ भोलानगर के चौराहे के पास खड़ा था। इसी दौरान बाइक से पहुंचे दो युवकों ने बिना किसी बातचीत के अचानक फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब 3-4 राउंड गोलियां चलाई थी।

गोली लगने के बाद करण सड़क पर गिर पड़ा। हमलावरों के वहां से निकलने के बाद स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। एम्बुलेंस की मदद से करण को विक्टोरिया अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।

फायरिंग के दौरान करण के साथ मौजूद युवक को भी गोली लगी है। उसे पुलिस ने इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस घायल युवक से भी घटना से जुड़ी जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को वारदात में चार लोगों के शामिल होने की जानकारी मिली है। बताया जा रहा है कि आरोपी दो बाइक पर सवार होकर पहुंचे थे। हालांकि, फायरिंग करने वाले दो युवकों के होने की बात सामने आई है। पुलिस इस संबंध में प्रत्यक्षदर्शियों और अन्य लोगों से जानकारी जुटा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही हनुमानताल पुलिस और प्रेमसागर चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस ने चौराहे और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगालना शुरू कर दिया है। फुटेज के जरिए हमलावरों के आने-जाने के रास्ते और उनकी पहचान की जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही मृतक के परिजनों और परिचितों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि करण का किसी से विवाद था या नहीं। फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट करने और वारदात में शामिल आरोपियों तक पहुंचने के लिए CCTV फुटेज समेत अन्य सुरागों की जांच कर रही है।