इंदौर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को मध्य प्रदेश से राज्यसभा उपचुनाव का उम्मीदवार बनाए जाने पर कांग्रेस ने निशाना साधा है। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं मध्य प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव ने भाजपा के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि मध्य प्रदेश पहले से ही बच्चियों से दुराचार के मामलों में देश में नंबर एक है। ऐसे में बच्चियों के यौन शोषण के दोषी जेफ्री एपस्टीन के दोस्त को प्रदेश से राज्यसभा भेजना मध्यप्रदेश को कलंकित करता है।
अरुण यादव ने कहा कि भाजपा के इस फैसले से महिलाओं और बच्चियों के प्रति पार्टी की सोच उजागर होती है। उन्होंने हरदीप सिंह पुरी को राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने पर आपत्ति जताते हुए कहा कि प्रदेश के लोग इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। दरअसल, भाजपा ने बुधवार को हरदीप सिंह पुरी को मध्यप्रदेश से राज्यसभा उपचुनाव के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया है। यह सीट केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन के राज्यसभा से इस्तीफा देने के बाद खाली हुई है। इस सीट पर 12 नवंबर को उपचुनाव होना है।
हरदीप पुरी का नाम हाल ही में जेफ्री एपस्टीन के साथ सामने आई तस्वीरों को लेकर भी चर्चा में रहा है। एपस्टीन अमेरिका का एक फाइनेंसर था, जिसे नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण और यौन तस्करी से जुड़े मामलों में दोषी ठहराया गया था और बाद में उस पर यौन तस्करी के आरोप भी लगे थे।
अमेरिकी न्याय विभाग की ओर से जारी दस्तावेजों में पुरी और एपस्टीन के बीच मुलाकातों तथा ईमेल संवाद का उल्लेख सामने आया था। अमेरिकी न्याय विभाग की ओर से जारी हालिया एपस्टीन फ़ाइल्स में हरदीप सिंह पुरी की तस्वीरें भी हैं। इन तस्वीरों में देखा जा सकता है कि मंत्री हरदीप पूरी कुख्यात दरिंदे एपस्टीन के साथ अकेले बैठे हैं।
एपस्टीन के साथ हरदीप पूरी की ये तस्वीरें इसलिए अहम मानी जा रही हैं, क्योंकि पुरी लगातार कहते रहे हैं कि वे एपस्टीन से केवल प्रतिनिधिमंडल के साथ मिले, अलग से उनकी कभी मुलाकात नहीं हुई। लेकिन तस्वीरों में वे अकेले ही हैं। इन तस्वीरों ने हरदीप पूरी की झूठ को बेनकाब कर दिया है। इसके बावजूद भाजपा द्वारा उन्हें राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने को लेकर अब विपक्ष हमलावर है। बता दें कि पुरी पहले उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सदस्य रहे हैं और केंद्र सरकार में पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हैं।