भोपाल। प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने नेशनल हेराल्ड से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में चार्जशीट दाखिल किया है। इस चार्जशीट में कांग्रेस सांसद सोनिया गांधी और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को भी आरोपी बनाया गया है। कांग्रेस इस कार्रवाई के खिलाफ देशभर में प्रदर्शन कर रही है।



मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने भाजपा और RSS पर जांच एजेंसियों के राजनीतिक दुरुपयोग करने के आरोप लगाए हैं। सिंह ने बयान जारी कर कहा कि देश में नेहरू गांधी परिवार एक ऐसा परिवार है जिसने 1930 से लेकर आज तक अपनी संपत्ति देश को ही सौंपी है। कभी खुद के लिए कोई स्वार्थ सिद्धि से कोई संपत्ति उन्होंने अपने लिए अर्जित नहीं की है, कोई भ्रष्टाचार का आरोप उन पर आज तक नहीं लगा है।



यह भी पढ़ें:  MP सरकार ने रामदेव को दी हजारों एकड़ जमीन, दिग्विजय सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर लगाए गंभीर आरोप



पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी और आरएसएस मिलकर ईडी, आईटी और सीबीआई को एक राजनीतिक हथियार के रूप में दुरुपयोग कर रहे हैं, हम इसकी निंदा करते हैं। उन्होंने कहा कि नेशनल हेराल्ड के केस में एक पैसा भी नेहरू गांधी परिवार ने अपने ऊपर खर्च नहीं किया है 1 रुपए भी उन्होंने अपने काम में उपयोग नहीं किया है। शुद्ध रूप से यह प्रिवेंशन ऑफ़ मनी लॉन्डिरिंग एक्ट का केस बनता ही नहीं है। 





सिंह ने कहा कि ईडी, आईटी, सीबीआई कितना ही इसमें जांच कर लें, नेशनल हेराल्ड के केस में किसी भी खाते से चाहे पंडित जवाहरलाल नेहरू से लेकर आज तक किसी भी नेहरू गांधी परिवार ने निजी तौर पर 1₹, एक पैसे का भी इसका उपयोग नहीं किया है। इसलिए जो कुछ आज किया गया है उसकी हम घोर निंदा करते हैं। 



पूर्व मुख्यमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि देश भर के और विशेष कर मध्य प्रदेश के सभी कार्यकर्ताओं से मेरी प्रार्थना है कि आज दोपहर 2 बजे आईडी दफ्तर पर जाकर अपना शांतिपूर्ण प्रदर्शन करें। अगर नहीं पहुंच पा रहे हैं तो वीडियो को शेयर करिए और अपना विरोध दर्ज करिए।