MP सरकार ने रामदेव को दी हजारों एकड़ जमीन, दिग्विजय सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर लगाए गंभीर आरोप

दिग्विजय सिंह ने बताया कि राज्य सरकार ने व्यापारी रामदेव को सतना में पांच सौ एकड़, झाबुआ में 200 एकड़, गुना में 100 एकड़, शिवपुरी में 150 एकड़, नरसिंहपुर में 230 एकड़, सागर में 50 एकड़ और मंडीदीप में 50 एकड़ दिए हैं।

Updated: Apr 15, 2025, 04:03 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मंगलवार को राजधानी भोपाल में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पतंजलि योगपीठ के संस्थापक रामदेव को ठग बताया। उन्होंने कहा कि धर्म और राष्ट्रवाद का सहारा लेकर रामदेव देशभर में जमीनों की ठगी कर रहा है। सिंह ने "रूह अफ़जा" से संबंधित रामदेव के हेट स्पीच के खिलाफ टीटी नगर थाने में शिकायत भी की है।

दिग्विजय सिंह ने रामदेव को ठग करार देते हुए कहा कि जो व्यक्ति भगवा पहनकर व्यवसाय करे तो वह संत नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि मैंने 2011 में भी रामदेव ठग कहा था। तब रामदेव के द्वारा मेरे विरुद्ध मानहानि का केस किया गया। लेकिन मेरे पास इतने सबूत हैं कि रामदेव मेरे सामने खड़े नहीं हो सकते। सिंह ने कहा कि कोविड के समय रामदेव ने कोरोनील दवा लॉन्च की। जिसे बाद में वापस लेना पड़ा। इस ठग रामदेव ने दवा लॉन्च कार्यक्रम में देश के तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन और परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को भी बुला लिया। 

यह भी पढ़ें: मुरैना में अंबेडकर जयंती की रैली में डीजे बजाने पर विवाद, दो पक्षों के बीच गोलीबारी, एक की मौत और दो घायल

सिंह ने आरोप लगाया कि रामदेव की कंपनी नकली दवाइयां बेचती है जिससे लोगों के किडनी तक खराब हो सकती है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट भी पतंजलि पर एक हजार करोड़ का जुर्माना लगा चुकी है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने ये केस किया था। उन्होंने कहा कि रामदेव ने अपने व्यापार के लिए न सिर्फ "हमदर्द रूहअफजा" पर हमला किया बल्कि इसकी फेहरिस्त लंबी है। रामदेव ने अमूल पर भी हमला किया जबकि ये हमारे किसानों का है। नेपाल में पतंजलि का घी बैन किया गया है। क्योंकि जांच में पता चला कि नकली घी है। इन्होंने कोकाकोला और पेप्सी के खिलाफ प्रचार किया और लोगों को कहा कि पतंजलि का नींबू-सोडा पीओ। 

सिंह के अनुसार रामदेव ने यहां तक दावा दिया कि उनके पास ऐसी दवा है जिससे बेटा ही होगा, बेटी नहीं। उन्होंने राज्य की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इस ठग रामदेव को सरकार ने हजारों एकड़ जमीनें दे दी। जबकि इन्फोसिस जैसी कंपनी का आवंटन कैंसिल कर दिया गया, लेकिन पतंजलि का नहीं हुआ। पूर्व मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने रामदेव को सतना में पांच सौ एकड़ और झबुआ में दो सौ एकड़ जमीन दी है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने आगे बताया कि रामदेव को सरकार ने गुना में सौ एकड़ जमीन दे दी। शिवपुरी में 150 एकड़ जमीन आवंटित कर दी। सागर में 50 एकड़ जमीन दी गई। इसी प्रकार नरसिंहपुर में 230 एकड़ और भोपाल के मंडीपदीप में 50 एकड़ जमीन दी गई। सिंह के मुताबिक इन जमीनों का आवंटन तो हुआ लेकिन उसका उपयोग नहीं हुआ।

उन्होंने भाजपा नेताओं पर तंज कसते कहा कि "ठग जाने ठग की भाषा" भाजपा के ठग और रामदेव मिलकर मध्य प्रदेश के नैसर्गिक संसाधनों को लूट रहे हैं।" रामदेव कह रहा है कि मुसलमानों से उत्पाद नहीं खरीदो जबकि दुबई में सामान बेचने के लिए इन्होंने हलाल सर्टिफिकेट भी लिया है। सिंह के अनुसार पतंजलि के ऐसे 54 दवाइयां हैं जिसके लिए हलाल सर्टिफिकेट लिया गया है। सिंह ने दोहराया कि रामदेव ने जमीनों की ठगी शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में भी जो जमीन रामदेव ने लिया उसका डिटेल उनके पास है। 

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि आज इस देश में एक समूह को टारगेट किया जा रहा है। राजनीतिक सफलता के लिए एक वर्ग के साथ दुश्मन की तरह व्यवहार किया जा रहा है। हिटलर ने भी यही किया था। नाजियों को टारगेट किया। जितने तानाशाह प्रवृति के लोग हैं वह एक समूह को दुश्मन मानते हैं। यही हाल RSS और बीजेपी का है। इन्होंने अल्पसंख्यक समुदाय को दुश्मन घोषित किया है।nइनके खिलाफ जो बात करेगा, आवाज उठाएगा उसे राष्ट्रद्रोही कहते हैं। जितने भी लोगों ने संसद में वक्फ कानून के खिलाफ मतदान किया उन्हें राष्ट्रद्रोही कहा गया।

उन्होंने सीएम मोहन यादव और पूर्व सीएम शिवराज से पूछा कि बीजेपी IT सेल के जो लोग ISI के लिए जासूसी करते पकड़े गए थे उस केस का क्या हुआ? उन्होंने पूछा कि आरोपियों को जमानत कैसे मिली? सरकार जमानत के खिलाफ अपील में क्यों नहीं की? सिंह ने कहा कि आज इस देश में विचारधारा की लड़ाई है। हम प्रेम, सत्य अहिंसा का मार्ग अपनाते हैं। यही सभी धर्म का सिद्धांत है। प्रेम और सद्भाव का मार्ग ही इस देश को आगे बढ़ा सकता है। जो कटुता फैलाता है और नफरत फैलाता है हम उस विचारधारा के साथ समझौता नहीं करेंगे। हमें गर्व है कि आज इस देश में 60 फीसदी से ज्यादा लोग ऐसे हैं जिन्होंने भाजपा के खिलाफ वोट किया। हम सब मिलकर देश में सांप्रदायिक कटुता फैलाने वालों के खिलाफ लड़ेंगे। हम संसद में लड़ेंगे, विधानसभा में लड़ेंगे, अदालत में लड़ेंगे, लेकिन शांतिपूर्ण ढंग से लड़ाई लड़ेंगे। हम अहिंसा का मार्ग अपनाते हैं।