जबलपुर।  मध्य प्रदेश के जबलपुर में आज दिल दहलाने वाली वारदात सामने आई है। आरोप है कि एक शख्स ने अपने जीजा की बड़ी ही बेरहमी से गला काटकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक धीरज शुक्ला नाम के इस शख्स ने अपने जीजा की हत्या सिर्फ इसलिए कर दी, क्योंकि उसने धीरज की बहन के साथ प्रेम विवाह किया था। हत्या के बाद धीरज अपने जीजा ब्रजेश बर्मन का कटा हुआ सिर हाथों में लटकाए हुए थाने जा पहुंचा। पति की हत्या की खबर मिलने पर धीरज की बहन ने भी फांसी लगा ली।

अपने जीजा की बर्बरता से हत्या करने के बाद धीरज जब गुरुवार की सुबह करीब 9 बजे एक हाथ में कटा हुआ सिर और दूसरे में कुल्हाड़ी लेकर थाने पहुंचा तो पुलिस वाले भी देखकर दहल गए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करके जांच शुरू कर दी है। दिल दहलाने वाली यह वारदात तिलवाराघाट थाना क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि धीरज हैवानियत की हद पार करते हुए कुल्हाड़ी से पहले तो बृजेश के दोनों हाथ काट दिए और फिर गला काटकर उसकी हत्या कर दी।  

पुलिस के मुताबिक रमनगरा निवासी मृतक बृजेश बर्मन ने 2 माह पहले आरोपी धीरज शुक्ला की बहन के साथ प्रेम विवाह किया था। दोनों शादी के बाद दूसरे शहर चले गए थे। युवती के परिजनों ने इस बारे में तिलवारा घाट थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। जिसके आधार पर पुलिस ने 4 दिन पहले दोनों को तलाश करके उनके परिजनों के हवाले कर दिया था।

पुलिस के मुताबिक मृतक ब्रजेश बर्मन और धीरज शुक्ला दोनों ही अवैध शराब के धंधे से जुड़े रहे हैं। दोनों में पहले भी कई बार आपसी विवाद हो चुका है।  पुलिस के मुताबिक धीरज की बहन को जैसे ही खबर मिली कि उसके भाई ने उसके पति का कत्ल कर दिया है, उसने घर के भीतर ही फांसी लगाकर जान दे दी।