भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ने महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर बुधवार को बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया है। राज्य सरकार ने 29 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। इस फेरबदल का असर मंत्रालय से लेकर मैदानी प्रशासन तक देखने को मिला है। कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। जबकि, कुछ को मंत्रालय से फील्ड पोस्टिंग और फील्ड से मंत्रालय में महत्वपूर्ण पदों पर भेजा गया है।

तबादला सूची के अनुसार, अब तक राजस्व विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे प्रमुख सचिव विवेक कुमार पोरवाल को प्रमुख सचिव खनिज साधन बनाया गया है। ई. रमेश कुमार को प्रमुख सचिव राजस्व के साथ पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण, विमुक्त एवं अर्धघुमंतू जनजाति विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं, मुकेश चंद्र गुप्ता को प्रमुख सचिव जेल विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सरकार ने मंत्रालय और मैदानी प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से कई अधिकारियों की अदला-बदली की है। इसी क्रम में रीवा संभाग के आयुक्त बाबू सिंह जामोद को सचिव नगरीय विकास एवं आवास बनाया गया है। जबकि, इस विभाग के सचिव शीलेंद्र कुमार सिंह को रीवा संभाग का नया आयुक्त नियुक्त किया गया है। भोपाल संभाग के आयुक्त संजीव सिंह अब सचिव खेल एवं युवा कल्याण होंगे। जबकि, लंबे समय से मैदानी पदस्थापना की इच्छा जता रहे कर्मवीर शर्मा को भोपाल संभाग का नया आयुक्त बनाया गया है।

मुख्यमंत्री सचिवालय में भी बदलाव किए गए हैं। मुख्यमंत्री के सचिव आलोक कुमार सिंह को पंजीयन महानिरीक्षक एवं अधीक्षक मुद्रांक का दायित्व सौंपा गया है। वहीं, अमित तोमर को ऊर्जा विकास निगम का प्रबंध संचालक और नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार मिला है।

अन्य प्रमुख बदलावों में दीपक सिंह को आयुक्त सहकारी संस्थाएं, दिनेश श्रीवास्तव को सचिव राज्य निर्वाचन आयोग, भास्कर लक्षकार को आयुक्त खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण तथा सत्येंद्र सिंह को पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण के प्रबंध संचालक के साथ अनुसूचित जाति विकास आयुक्त की जिम्मेदारी दी गई है। सौरभ कुमार सुमन को आयुक्त उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण बनाया गया है। जबकि, मनोज पुष्प को संचालक लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा खाद्य एवं औषधि प्रशासन के नियंत्रक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

तबादला सूची में कई अन्य अधिकारियों की जिम्मेदारियों में भी बदलाव किया गया है। प्रीति जैन को संयुक्त आयुक्त लिटिगेशन एवं समन्वय इंदौर, रोहित सिंह को पाठ्य पुस्तक निगम का प्रबंध संचालक और स्कूल शिक्षा विभाग में अतिरिक्त प्रभार, हर्षिका सिंह को संचालक बजट, भारती जाटव ओगरे को अपर सचिव स्कूल शिक्षा, अमनबीर सिंह बैंस को आयुक्त कोष एवं लेखा, कैलाश वानखेड़े को अपर सचिव ऊर्जा, अमर बहादुर सिंह को अपर सचिव जनजातीय कार्य, पवन कुमार जैन को उपसचिव सहकारिता, रानी बाटड को उपसचिव श्रम, विनय निगम को ग्रामीण आजीविका मिशन का मुख्य कार्यपालन अधिकारी, मंजूषा विक्रांत राय को उप सचिव पशुपालन एवं डेयरी, शैली कनाश को संभागीय सचिव माध्यमिक शिक्षा मंडल इंदौर तथा अरविंद कुमार शाह को आयुष्मान भारत का मुख्य कार्यपालन अधिकारी नियुक्त किया गया है।

इस फेरबदल में नेहा माराव्या सिंह को जनजातीय कार्य विभाग से हटाकर संचालक आदिम जाति बनाया गया है। बताया जा रहा है कि विभाग के प्रमुख सचिव गुलशन बामरा के साथ उनका समन्वय बेहतर नहीं होने के कारण यह बदलाव किया गया है। सरकार का मानना है कि इस व्यापक प्रशासनिक पुनर्व्यवस्था से मंत्रालय और मैदानी प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल स्थापित होगा तथा विभिन्न विभागों के कामकाज में गति और प्रभावशीलता बढ़ेगी।