श्योपुर। मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में एक निजी स्कूल की गंभीर लापरवाही सामने आई है। जिले के आवदा कस्बे में संचालित सांई पब्लिक स्कूल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में निर्माणाधीन कमरे के भीतर शटरिंग और बांस-बल्लियों के सहारे खड़ी छत के नीचे छोटे बच्चों को बैठाकर पढ़ाई कराई जाती दिखाई दे रही है। वीडियो सामने आने के बाद स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं और कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि जिस कमरे का निर्माण कार्य अभी पूरा नहीं हुआ है उसकी छत पर शटरिंग लगी हुई है। छत को सहारा देने के लिए कई जगह बांस और बल्लियां लगाई गई हैं। जबकि, ठीक उसी स्थान पर बच्चे जमीन पर बैठकर पढ़ाई कर रहे हैं। ऐसे में किसी भी प्रकार की तकनीकी चूक या निर्माण संबंधी हादसा बच्चों की जान के लिए गंभीर खतरा बन सकता था।
मामले को लेकर एनएसयूआई ने स्कूल प्रबंधन के साथ-साथ शिक्षा विभाग की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। छात्र संगठन का कहना है कि यदि स्कूल में पर्याप्त कक्षाएं उपलब्ध नहीं थी तो मान्यता देने से पहले संबंधित अधिकारियों ने भवन और सुरक्षा मानकों की जांच कैसे की। संगठन ने बच्चों की सुरक्षा को खतरे में डालने के आरोप में स्कूल की मान्यता तत्काल प्रभाव से रद्द करने की मांग की है।
मामले के तूल पकड़ने के बाद प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) सौम्या आनंद ने कहा है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे। जिनके आधार पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।